
Jhansi : गुरसरांय में विगत देर शाम, घुरैया के पास एक अज्ञात वृद्ध पुरुष अचेत अवस्था में पड़ा मिला। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना थाना टहरौली पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और वृद्ध को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसरांय ले जाया गया, जहाँ ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक रवि अनुरागी ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। मृतक की पहचान हीरालाल 62 वर्ष, पुत्र गनेश, निवासी ग्राम परसुवा के रूप में हुई। मृतक के पुत्र रामप्रकाश ने बताया कि उनके पिता झांसी से गुरसरांय पीताम्बरा बस द्वारा लौट रहे थे। रास्ते में कथित रूप से बस से गिरने के कारण उनकी मौत हो गई।
उधर, टहरौली पुलिस ने शुक्रवार रात करीब 10 बजे शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने सहित आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि घटना हादसा थी या किसी और वजह से हुई।










