
झांसी। टहरौली थाना क्षेत्र के पिपरा गांव में खेत पर फसल देखने गए किसान की सर्प के डंसने से मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए झांसी भेज दिया। किसान की मौत के बाद परिवार का इकलौता सहारा छिन गया।
जानकारी के अनुसार, 30 वर्षीय सुनील कुमार पुत्र प्रकाश नाथ, पिपरा गांव में परिवार के साथ रहता था। उसने अपनी कुल डेढ़ बीघा जमीन में तिल और मूंगफली की फसल बोयी थी। गुरुवार रात फसल देखने गया था, इसी दौरान उसके पैर में एक सांप लिपट गया और उसे डंस लिया।
वह तत्काल वहां से भाग कर घर पहुंचा। रात भर उसके परिजन जड़ी बूटियों से उपचार करते रहे और जब हालत में सुधार नहीं हुआ तो उसे मोंठ सीएचसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया, पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए झांसी भेज दिया है।
परिजन अशोक ने बताया कि वे लोग नाथ (सपेरे) हैं, सुनील सर्प पकड़ने में माहिर था। उसके दो बेटे शिवा (8) तथा अजय (5)हैं। पत्नी रचना देवी का रो-रो कर बुरा हाल है। कहा कि सुनील अकेला परिवार का सहारा था, वह सर्प पड़कर, मेहनत-मजदूरी और खेती किसानी करके परिवार का भरण-पोषण करता था।