
झाँसी : मऊरानीपुर थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ग्राम बरौरी में शनिवार की सुबह 42 वर्षीय महिला का शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। महिला अर्धनग्न अवस्था में पाई गई और उसके गले पर चोट के गहरे निशान मिले। प्रथम दृष्टया मामला बलात्कार के बाद हत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान उषा रैकवार पत्नी रामस्वरूप के रूप में हुई है। बताया गया कि मृतका घर में अकेली रहती थी, जबकि उसका पति और दोनों बेटे मजदूरी के सिलसिले में बाहर रहते हैं। रोज़ की तरह जब साथ काम करने वाले मजदूर दरवाजे पर पहुंचे और कई बार आवाज देने पर भी दरवाजा नहीं खुला, तो उन्होंने इसकी सूचना महिला के भतीजे को दी।
भतीजा दीवार फाँदकर घर के अंदर पहुँचा तो देखा कि उसकी चाची जमीन पर मृत पड़ी थी। महिला का शव अर्धनग्न अवस्था में था और गले पर गहरे निशान दिखाई दे रहे थे। इससे परिजनों ने आशंका जताई है कि महिला के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या की गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही मऊरानीपुर पुलिस मौके पर पहुँची और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
मृतका के भतीजे दिनेश कुमार ने बताया कि, मेरी चाची के साथ गलत हरकतें हुई हैं और घर में चोरी की भी आशंका है। हम आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हैं।