Jhansi : विद्यालय की दीवार गिरी, पांच बच्चे घायल, दो की हालत गंभीर

  • खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान हुआ हादसा

Jhansi : जनपद के गुरसरांय ब्लॉक के ग्राम डोंडिया में गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय की एक दीवार अचानक भरभराकर गिर पड़ी। हादसे में पांच स्कूली बच्चे घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायल बच्चों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसराय ले जाया गया, जहां से दो छात्रों को झाँसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

हादसा खेलकूद कार्यक्रम के दौरान

जानकारी के अनुसार ग्राम डोंडिया स्थित कंपोजिट विद्यालय में गुरुवार को खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। विद्यालय परिसर में बच्चे विभिन्न खेलों में हिस्सा ले रहे थे। इसी बीच अचानक एक जर्जर दीवार भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे के नीचे कई बच्चे दब गए। मौके पर मौजूद शिक्षक और ग्रामीण दौड़कर पहुंचे और मलबा हटाकर बच्चों को बाहर निकाला।

पांच छात्र घायल, दो गंभीर

घटना में पांच बच्चे घायल हुए हैं, पुनीत, कमलेश, क्रश, सुमित और विशाल। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गुरसराय पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल छात्रों क्रश और सुमित को बेहतर इलाज के लिए झाँसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बाकी तीन छात्रों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।

परिजनों में मचा हाहाकार

घटना की सूचना मिलते ही घायल बच्चों के परिजन विद्यालय पहुंच गए। बच्चों की हालत देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। कई अभिभावक विद्यालय प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आक्रोशित हो उठे। उनका कहना था कि विद्यालय की दीवार लंबे समय से जर्जर थी, फिर भी समय पर उसकी मरम्मत नहीं कराई गई।

प्रशासनिक अमला मौके पर पहुँचा

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन व पुलिस टीम मौके पर पहुँची। अधिकारियों ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया और घायल छात्रों के परिजनों से बातचीत की। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।

लापरवाही पर उठे सवाल

ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय भवन की स्थिति कई दिनों से खराब थी। दीवार में दरारें साफ दिखाई देती थीं, लेकिन संबंधित विभाग ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। यदि समय पर मरम्मत करा दी गई होती, तो यह हादसा नहीं होता। घटना के बाद शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें