Jhansi : मिशन शक्ति 5.0 के तहत पुलिस ने कसा शिकंजा, 160 लोगों के खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई

  • झांसी में बनाए गए 26 मिशन शक्ति केंद्र

Jhansi : नारी सुरक्षा, नारी स्वावलंबन एवं नारी सशक्तिकरण के तहत जिले में मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत झांसी पुलिस ने क्रिमिनलों पर शिकंजा कसा है। पुलिस ने 160 लोगों के खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई की है जबकि 26 मिशन शक्ति केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर आने वाली महिलाओं की शिकायतों का निस्तारण किया जा रहा है। यही नहीं, सराहनीय कार्य करने पर महिलाओं को सम्मानित भी किया जा रहा है।

प्रदेश में नारी सुरक्षा, नारी स्वावलंबन एवं नारी सशक्तिकरण की दिशा में महत्वाकांक्षी योजना “मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0″ चलाया जा रहा है। मिशन शक्ति 5.0” का उद्देश्य महिलाओं और लड़कियों को सशक्त बनाना है। इस योजना के तहत झांसी पुलिस द्वारा विभिन्न गतिविधियों का आयोजन करते हुए महिलाओं और लड़कियों को अपने अधिकारों और सुरक्षा के बारे में जागरूक किया जा रहा है। इस संबंध में एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया है कि बीते दिनों महिला आरक्षी बाइक रैली निकाली गई थी। इस रैली के माध्यम से समाज में महिलाओं की बढ़ती भूमिका को रेखांकित किया है। उन्होंने बताया कि शारदीय नवरात्रि व्यवस्था के तहत जनपद में 814 पंडाल स्थापित किए गए। यहां पर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के मद्देनजर सात राजपत्रित अधिकारी, 24 महिला उपनिरीक्षक, 149 पुरुष उपनिरीक्षक, 73 महिला आरक्षी, 142 पुरुष आरक्षी, 71 महिला/पुरुष होमगार्ड की ड्यूटी लगाई गई है।

मिशन शक्ति केंद्र पर लगाई गई ड्यूटी

जिले में 26 मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किये गए जिसमें 30 पुरुष उपनिरीक्षक, 14 महिला उपनिरीक्षक, तीन पुरुष मुख्य आरक्षी, नौ महिला मुख्य आरक्षी, 26 पुरुष आरक्षी, 81 महिला आरक्षी, 26 होमगार्डो को नियुक्त किया गया है।

113 वाहनों की काली फिल्म उतारी गई

एसएसपी ने बताया कि यातायात एवं अनुशासन कार्रवाई के तहत जनपद में कुल 2846 वाहनों का चालान किया गया जिसमे से 113 काली फिल्म, 34 अनाधिकृत रूप से हूटर/बत्ती लगाये गये वाहनों एवं स्टंटबाजी करते पाए गए व्यक्तियों के 17 एवं 14 वाहन सीज किये गए। अभियान के दौरान 72,48,200/-रुपये (बहत्तर लाख, अड़तालीस हजार दो सौ रुपये) शमन शुल्क वसूल किया गया। उऩ्होंने बताया कि जनपद में कुल 839 क्षेत्रों में एंटी रोमियो स्क्वॉड एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा चेकिंग की गयी, जिसमें पुलिस महानिरीक्षक, झांसी परिक्षेत्र 08 स्थान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, 44 स्थान, अन्य राजपत्रित अधिकारी 241 स्थान पर चेकिंग के दौरान कुल 5072 व्यक्तियों को चेक किया गया। चेकिंग में कुल 08 संदिग्ध शोहदों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किये गये व 70 अभियुक्त गिरफ्तार कर 2472 व्यक्तियों को विशेष चेतावनी दी गई।

दो महिला आरक्षियों को किया सम्मानित

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने यूपी पुलिस कबड्डी क्लस्टर प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर झांसी पुलिस की दो महिला आरक्षियों को सम्मानित किया है। साथ ही उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।

उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक खेल प्रतियोगिता – 2025 के अन्तर्गत कमिश्नरेट प्रयागराज में द्वितीय उप्र पुलिस कबड्डी क्लस्टर (फंसिग) (महिला) प्रतियोगिता – 2025 आयोजित की गई थी। इस प्रतियोगिता में कानपुर जोन की टीम ने भाग लिया था। इसी टीम में झांसी के पुलिस लाइन में नियुक्त महिला आरक्षी शिखा व शैफाली पाल शामिल थी। इन्हीं दो महिला आरक्षियों ने फ्वाल इवेन्ट व सैबर इवेन्ट ने भाग लिया था। उक्त खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए महिला आरक्षी शिखा द्वारा फ्वाल इवेन्ट में प्रथम व महिला आरक्षी शैफाली पाल द्वारा सैबर इवेन्ट में द्वितीय स्थान प्राप्त किया गया। साथ ही कानपुर जोन महिला टीम की विजेता शील्ड प्राप्त किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बीबीडीटीएस मूर्ति द्वारा दोनों महिला आरक्षियों को सम्मानित करते हुए शील्ड, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें