
Jhansi : रक्सा थानाध्यक्ष रूपेश कुमार एवं उपनिरीक्षक दिनेश गिरी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार ग्राम रक्सा के मॉर्निंग स्टार स्कूल, ग्राम पुनावली और ग्राम सिजवाहा में चौपाल लगाकर भारत के तीन नए कानून भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 के बारे में आमजनमानस को विस्तृत जानकारी दी।
चौपाल में महिला, पुरुष, छात्र-छात्राओं और गुरुजनों को एकत्रित किया गया और उन्हें एफआईआर, ई-एफआईआर, जीरो एफआईआर, इलेक्ट्रॉनिक एविडेंस, महिला संबंधी अपराध और अन्य जघन्य अपराधों की जानकारी विस्तारपूर्वक दी गई। आमजनमानस को नए कानून से अवगत कराया गया और बताया गया कि पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए है। किसी भी दुर्घटना या आपराधिक घटना घटित होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें, पुलिस आपकी मदद के लिए हमेशा तत्पर है।
चौपाल में थानाध्यक्ष रूपेश कुमार, उपनिरीक्षक दिनेश गिरी के अलावा रक्सा पुलिस का पूरा स्टाफ भी मौजूद रहा। चौपाल का मुख्य उद्देश्य नए कानून के बारे में जागरूक करना था। साथ ही आमजनमानस को यह संदेश भी दिया गया कि यदि कहीं आपराधिक घटना घटित हो रही है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें और अपराधी को दंडित कराने में पुलिस का सहयोग करें।










