
- डोंगरी पुल के पास खड़ी हार्वेस्टर मशीन में पीछे से घुसे कंटेनर, हाईवे पर एक घंटे तक जाम
Jhansi : झांसी-ललितपुर हाईवे पर शनिवार की देर रात डोंगरी पुल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बरेली से आए मजदूरों की हार्वेस्टर मशीन को पीछे से आ रहे कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा और मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, बरेली निवासी चमन, सलीम और सलमान हार्वेस्टर मशीन से ललितपुर के महरौनी क्षेत्र में फसल काटने का काम कर रहे थे। काम पूरा कर वे हार्वेस्टर लेकर वापस बरेली लौट रहे थे। डोंगरी पुल के पास पहुंचने पर अचानक हार्वेस्टर का एक पहिया जाम हो गया, जिसके चलते उन्होंने वाहन रोक लिया और नीचे उतरकर मरम्मत करने लगे।
इसी दौरान बेंगलुरु से दिल्ली जा रहा एक तेज रफ्तार कंटेनर पीछे से आकर हार्वेस्टर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हार्वेस्टर के परखच्चे उड़ गए और उसमें काम कर रहे सलमान की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चमन और सलीम गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज झांसी ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान सलीम ने भी दम तोड़ दिया।
दूसरी ओर, कंटेनर चालक अखिलेश भी स्टीयरिंग में बुरी तरह फंस गया था। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मशक्कत कर उसे बाहर निकाला और अस्पताल भेजा। उसकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के चलते झांसी-ललितपुर हाईवे पर करीब एक घंटे तक लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारू कराया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।