Jhansi : समथर क्षेत्र में धान की फसलों का निरीक्षण, किसानों को मिलेगा उचित मुआवजा

  • भाजपा किसान मोर्चा व प्रशासन एकजुट

Samthar, Jhansi : बीते दिनों हुई बेमौसम बारिश और तेज हवाओं से प्रभावित किसानों की समस्या को लेकर बुधवार को भाजपा किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष कृष्णचंद्र तिवारी एवं उपजिलाधिकारी अवनीश तिवारी ने समथर क्षेत्र के कई गांवों में पहुंचकर खेतों का मैदानी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बर्बाद हुई धान की फसलों का जायजा लिया और किसानों से सीधे संवाद किया।

किसानों ने अधिकारियों को बताया कि लगातार हुई बारिश के कारण खेतों में जलभराव हो गया है, जिससे कटाई के लिए तैयार खड़ी फसलें गिरकर सड़ने लगी हैं। किसानों को भारी आर्थिक नुकसान की आशंका है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम अवनीश तिवारी ने मौके पर ही राजस्व टीम को डोर-टू-डोर सर्वे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र किसान को मुआवजा पाने में कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।

भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष कृष्णचंद्र तिवारी ने किसानों को भरोसा दिलाया कि सरकार और प्रशासन किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। उन्होंने कहा कि हर पात्र किसान को उसका उचित मुआवजा दिलाया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान किसान मोर्चा और प्रशासन की संयुक्त टीम ने प्रभावित खेतों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करनी शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि सर्वे पूरा होते ही पात्र किसानों के खातों में राहत राशि भेजने की प्रक्रिया को तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें