
Jhansi : झाँसी जनपद में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। उल्दन थाना क्षेत्र के बँगरा तिराहे पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक पति ने अपनी ही पत्नी पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कगर निवासी 26 वर्षीय रंजना उर्फ वंदना अहिरवार की शादी करीब पाँच वर्ष पूर्व झाँसी निवासी दीपक अहिरवार से हुई थी। शादी के शुरुआती दिनों से ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था, जो धीरे-धीरे गहराता गया। मामला अब अदालत में विचाराधीन है।
इसी कड़वाहट और तनाव के बीच मंगलवार को पति दीपक ने पत्नी पर अचानक हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दीपक ने ब्लेड से पत्नी के ऊपर कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ी। मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।
घायल रंजना ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि शादी के बाद उसे यह सच्चाई पता चली कि उसका पति होटलों में कॉल गर्ल सप्लाई करने का धंधा करता है। इतना ही नहीं, वह अपनी पत्नी को भी इस गंदे धंधे में धकेलना चाहता था। महिला ने जब इसका विरोध किया तो पति ने उसे छोड़ दिया। इस मामले को लेकर अदालत में मुकदमा चल रहा है।

मंगलवार को दीपक अदालत में तारीख पर आया था। वहीं से बाहर निकलने के बाद उसने पत्नी पर समझौता (राजीनामा) करने का दबाव बनाया। महिला के मना करने पर उसने बँगरा तिराहे पर उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और घायल को अस्पताल भिजवाया। फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह घटना न केवल पति-पत्नी के रिश्ते में खटास का भयावह रूप उजागर करती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि अवैध धंधों में लिप्त होने के कारण परिवार किस हद तक तबाही की कगार पर पहुँच सकता है।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को हिरासत में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
यह भी पढ़े : Odisha : ओडिशा विधानसभा के मानसून सत्र में कांग्रेस लाएगी भाजपा सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव