
झांसी। बामौर ब्लॉक के ग्राम बरगांय अहीर में बुधवार को एक विशालकाय मगरमच्छ मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। बीते कई दिनों से तालाब में छिपे इस मगरमच्छ को देखने के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ था।
ग्रामीणों ने इसकी जानकारी बार-बार वन विभाग को दी। विभाग ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तालाब के पास विशेष पिंजरे की व्यवस्था की थी। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने देखा कि मगरमच्छ पिंजरे में फँस चुका है। इसकी सूचना तुरंत अधिकारियों को दी गई।
वन विभाग की टीम मौके पर पहुँची और सावधानीपूर्वक मगरमच्छ को पिंजरे से बाहर निकालकर गांव से दूर ले जाया गया। दोपहर करीब 1 बजे विभागीय टीम ने मगरमच्छ को पास की नदी में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया।
गांव में फैली दहशत इस कार्रवाई के बाद खत्म हो गई और ग्रामीणों ने राहत की साँस ली।