
- महिला के शरीर से जेवर गायब
- परिजनों ने लगाया हत्या करने का आरोप, पुलिस जुटी जांच में
Jhansi : झांसी की पहली महिला टैक्सी चालक का शव रेलवे स्टेशन रोड स्थित सिविल लाइन क्षेत्र में पड़ा मिला है। पास में उसकी टैक्सी पलटी हुई पड़ी मिली है। महिला के शरीर से जेवर गायब थे। परिजनों ने हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना पर गई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
नवाबाद थाना क्षेत्र के तालपुरा निवासी महिला अनीता चौधरी उस समय चर्चाओं में आई थी। जब उनके पति को लंबी बीमारी होने के कारण घर का खर्च चलाने और बच्चों के भरण पोषण के लिए आत्मनिर्भर बनकर टैक्सी चलाने के लिए सड़क पर उतरी थी। अनीता झांसी की पहली महिला टैक्सी चालक के रूप में चर्चाओं में आई थी। वीरांगना रानी लक्ष्मी बाई के जन्मदिवस पर पूर्व मंत्री प्रदीप जैन सहित कई संस्थाओं ने उनका सम्मान भी किया था। बताया जा रहा है कि देर रात अनीता का शव रेलवे स्टेशन रोड सिविल लाइन में सड़क पर पड़ा मिला। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की। अनीता की टैक्सी सड़क पर पलटी हुई थी। शरीर से जेवर गायब थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगालना शुरु कर दिए हैं।










