Jhansi : बिजली को लेकर सड़क जाम करने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सहित 13 कांग्रेसियों को ढाई साल की सजा

Jhansi : पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य समेत 13 कांग्रेसियों को ढाई साल की सजा हुई है। झांसी में एमपी, एमएलए कोर्ट ने 12 साल पुराने केस में शुक्रवार की शाम फैसला सुनाया। सभी पर जुर्माना भी लगाया है।

फैसले के बाद प्रदीप जैन भावुक हो गए और कोर्ट के बाहर ही फफक-फफक कर रो पड़े। पूर्व मंत्री ने कहा, मुझे अपनी सजा का दुख नहीं है। लेकिन मेरे साथ जो बाकी लोगों को सजा दी गई है, वह हमारे लिए सबसे बड़ा दुख है।

उन्होंने कहा, हम बुंदेली जमीन के लिए हमेशा मरते दम तक लड़ते रहेंगे। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए बार-बार भावुक हो रहे थे। आंखों में आंसू थे। आवाज में कंपकपाहट थी। प्रदीप जैन आदित्य ने कहा, बिजली की मांग के लिए हमने 12 साल पहले शांति पूर्वक धरना दिया था। उसमें कई धाराएं थीं, जिसमें कुल मिलाकर हमें 2.5 साल की सजा सुनाई है। हम न्यायालय के आदेश का सम्मान करते हैं। हम इस बुंदेली माटी में जन्म लिया है। हमें इसी के लिए मरना है। मेरे ऊपर चाहे जितनी धाराएं लगाएं। हम जनता की समस्याओं को लगातार उठाते रहेंगे।
सहायक अभियोजन अधिकारी रवि जायसवाल ने बताया, पूर्व मंत्री प्रदीप जैन व उनके समर्थकों को 504 व 188 में बरी किया गया है। बाकी 6 धाराओं में उन्हें सजा हुई है।

उन्होंने बताया, साल 2013 में प्रदेश में सपा की सरकार थी और प्रदीप जैन केंद्र की कांग्रेस सरकार में राज्यमंत्री थे। उन्होंने पारीछा गांव में एक सम्मेलन की अनुमति ली थी। सम्मेलन खत्म होने के बाद बिजली कटौती रोकने की मांग को लेकर उन्होंने प्रदर्शन किया और झांसी-कानपुर हाईवे पर जाम लगा दिया। जाम करीब 6 घंटे तक चला, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी थी।

इस मामले में थाना बड़ागांव में मुकदमा दर्ज किया गया था। जिस पर उन्हें सजा हुई है। घटना 11 जून 2013 की है।

इन नेताओं को मिली सजा

  1. प्रदीप जैन आदित्य पुत्र विष्णु गुप्ता जैन
  2. रजनीश श्रीवास्तव पुत्र कालिका प्रसाद
  3. वीरेंद्र सिंह पुत्र तेज सिंह
  4. राहुल राय पुत्र सुरेन्द्र कुमार
  5. नावेद खान पुत्र नईम खान
  6. सादाब अहमद पुत्र कबीर अहमद
  7. राहुल गुप्ता पुत्र विष्णु गुप्ता
  8. नरेश चन्द्र विलाहरिया पुत्र धनीराम
  9. सलमान अहमद पुत्र फरीद अहमद
  10. सुहैल जैन पुत्र रवि कुमार जैन
  11. हरीश कपूर उर्फ टीटू पुत्र इन्द्रपाल कपूर
  12. शेरखान पुत्र जमील खान
  13. मनोज कुमार पुत्र श्याम विहारी

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें