
Jaunpur : यूपी के जौनपुर स्थित सिकरारा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक ड्राइवर का शव झाड़ियों से बरामद हुआ। 29 वर्षीय रमाकांत यादव की गोली मारकर हत्या की गई थी। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए शव मिलने के दो घंटे के भीतर आरोपित अशोक यादव को गिरफ्तार कर लिया।
बरगुदर पुराने पुल के पास झाड़ियों में मिले शव के बाईं कान के पास चोट के निशान थे। परिजनों ने हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया था। मृतक रमाकांत यादव मछलीशहर थाना क्षेत्र के छाछो चकमुबारकपुर गांव के निवासी थे और मुम्बई में ड्राइवर का काम करते थे।
रमाकांत 18 नवम्बर को कामायनी एक्सप्रेस से मुम्बई से अपने घर के लिए निकले थे। घर न पहुंचने पर परिजनों ने 20 नवम्बर को मछलीशहर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मंगलवार को शव मिलने की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपित अशोक यादव ने बताया कि रमाकांत यादव मछलीशहर थाने का हिस्ट्रीशीटर था। अशोक के अनुसार, रमाकांत ने पहले उसके साथ मारपीट की थी और उनके बीच पैसों का लेनदेन भी था। इसी रंजिश के चलते उसने जौनपुर लौटते समय समाधगंज के पास रमाकांत की गोली मारकर हत्या कर दी और शव को जंगल में छिपा दिया था।
एसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि 23 नवम्बर की देर शाम रमाकांत यादव के परिजनों ने अशोक यादव पर गुमशुदगी का आरोप लगाते हुए प्रार्थना पत्र दिया था। संदेह के आधार पर अशोक यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पहले तो आरोपित टालमटोल करता रहा, लेकिन जब रमाकांत का शव मिला तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। हत्या में इस्तेमाल सामान भी बरामद कर लिया गया है। तहरीर के आधार पर दो घंटे के अंदर आरोपित को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही थानाध्यक्ष को निर्देशित किया गया है कि इस मामले में गहनता से निरीक्षण कर लें कि इसमें और कोई तो शामिल नहीं है।











