जौनपुर : अल्पसंख्यक समुदाय की भव्य तिरंगा रैली, जिलाधिकारी ने घर-घर तिरंगा लगाने की अपील की

जौनपुर : शासन के निर्देश के क्रम में हर घर तिरंगा अभियान के द्वितीय चरण में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई।
तिरंगा यात्रा कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू होकर अंबेडकर तिराहा होते हुए गांधी तिराहे पर समाप्त हुई।
जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने महात्मा गांधी जी और अंबेडकर तिराहे पर डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित किया।

रैली में मदरसा जामिया मोमिया लिलवनात सिपाह, मदरसा रफीकुल इस्लाम गौराबादशाहपुर, मदरसा हकीमुल उloom बागेअरब सिपाह, जनककुमारी इंटर कॉलेज, टी.डी. कॉलेज, बीआरपी इंटर कॉलेज, मुक्तेश्वर बालिका इंटर कॉलेज सहित विभिन्न विद्यालयों द्वारा प्रतिभाग किया गया।

तिरंगा यात्रा में जिला प्रशासन के अधिकारी, कर्मचारी, मदरसों के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं, दिव्यांगजन, एनसीसी कैडेट और उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन विभाग के सदस्य शामिल हुए। इस अवसर पर राष्ट्रध्वज के निर्माता, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पिंगली वेंकैया के सम्मान में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने भी तिरंगा यात्रा में भाग लिया।

जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कहा कि आज जिला प्रशासन के तत्वावधान में हर घर तिरंगा कार्यक्रम के अंतर्गत तिरंगे के सम्मान में तिरंगा यात्रा निकाली गई है। शिराज-ए-हिंद के नाम से प्रसिद्ध जनपद जौनपुर के सभी नागरिक राष्ट्र के प्रति सम्मान रखते हैं। तिरंगा रैली में जनपद के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। रैली में विशेष रूप से अल्पसंख्यक समुदाय के छात्र-छात्राओं तथा शिक्षकगणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और संदेश दिया कि हम सब एक हैं, तिरंगे के सम्मान में सब कुछ न्यौछावर कर देंगे और इसकी रक्षा करेंगे।

जिलाधिकारी ने रैली में आए बच्चों, शिक्षकों, अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों के भीतर राष्ट्र प्रेम जागृत करना, वीर सपूतों को याद करना और तिरंगे के साथ व्यक्तिगत एवं भावनात्मक जुड़ाव को प्रदर्शित करना है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि 13, 14 और 15 अगस्त को अपने-अपने घरों पर तिरंगा अवश्य लगाएं। यह उन वीरों के लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी जिन्होंने राष्ट्र के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए।

रैली में प्रतिभाग करने वाले दिव्यांगजनों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि जिस उत्साह और प्रेरणा के साथ दिव्यांगजन ने इस तिरंगा यात्रा में भाग लिया, वह उनकी जिजीविषा, सकारात्मक ऊर्जा और देश प्रेम को प्रदर्शित करता है।

इसी क्रम में वनवासी बस्तियों में भी तिरंगा रैली निकाली गई और फल एवं मिष्ठान का वितरण किया गया। हर घर तिरंगा अभियान अंतर्गत हर घर स्वच्छता रैली भी निकाली गई।
इसके साथ ही जनपद के परिषदीय विद्यालयों सहित समस्त विकास खंडों में भी तिरंगा यात्रा निकाली गई।

ये भी पढ़ें: मेरठ: गोटका गांव में महाराणा प्रताप बोर्ड पर जय भीम लिखने से बवाल, पुलिस ने हालात किए काबू

गाजियाबाद : साहिबाबाद सब्जी मंडी में वर्चस्व की जंग मीटिंग के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग, तीन घायल

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें