
- भारत अब किसी पर निर्भर नहीं, अपनी ताकत से आगे बढ़ रहा है- अनामिका चौधरी
Jaunpur : भारतीय जनता पार्टी के सीहीपुर कार्यालय में आयोजित आत्मनिर्भर भारत प्रोफेशनल मीट का कार्यक्रम जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंघानिया की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश मंत्री अनामिका चौधरी उपस्थित रहीं। सर्वप्रथम कार्यक्रम का शुभारंभ पार्टी के पुरोधा पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया, जिसके बाद वंदे मातरम् गीत गाया गया। कार्यक्रम में जौनपुर के व्यवसायियों, शिक्षाविदों, चिकित्सकों, इंजीनियरों, महिला उद्यमियों और युवा प्रोफेशनल्स ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
मुख्य अतिथि प्रदेश मंत्री अनामिका चौधरी ने संबोधित करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर भारत केवल एक नीति नहीं, बल्कि भारत की नई पहचान है एक ऐसा भारत जो अपनी जरूरतों के लिए किसी दूसरे देश पर निर्भर नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पूरे देश में आत्मनिर्भर भारत अभियान चला रही है। इसके तहत जिला मुख्यालयों पर बैठकें आयोजित की जा रही हैं, जहां लोगों को यह संकल्प दिलाया जा रहा है कि वे स्वदेशी वस्तुएं अपनाएं और “वोकल फॉर लोकल” बनें।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच है कि 2047 तक भारत पूरी तरह आत्मनिर्भर बने। इसी दिशा में हम सभी को मिलकर कार्य करना होगा। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश आज हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। केंद्र सरकार ने छोटे व्यापारियों, स्टार्टअप्स और स्थानीय उद्योगों को मजबूत करने के लिए ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। इससे रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं और देश की अर्थव्यवस्था तेजी से आत्मनिर्भर बन रही है।
उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व पटल पर नई पहचान बना रहा है। पड़ोसी देशों और विदेशी ताकतों को भारत की प्रगति देखकर आश्चर्य हो रहा है, लेकिन अब भारत किसी भी दबाव में आने वाला नहीं है। नरेंद्र मोदी सरकार ने भारत की आत्मा को पुनः जगाने का कार्य किया है। युवाओं से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें और “लोकल के लिए वोकल” बनें।
उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति अपने क्षेत्र के उद्योगों और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का संकल्प ले, तो भारत जल्द ही दुनिया की सबसे मजबूत अर्थव्यवस्था बनेगा। आत्मनिर्भर भारत अभियान का लक्ष्य आर्थिक मजबूती, रोजगार सृजन और वैश्विक स्तर पर देश की स्थिति को और मजबूत करना है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंघानिया ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान का उद्देश्य केवल उत्पादन बढ़ाना नहीं, बल्कि “मेड इन इंडिया” की सोच को मजबूत बनाना है। स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना, MSME सेक्टर को सशक्त करना और नवाचार को प्रोत्साहित करना इस अभियान की मुख्य दिशा है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत से ग्रामीण क्षेत्रों में भी नए अवसर बन रहे हैं। कारीगर, बुनकर और छोटे उद्यमी अब अपनी पहचान बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का अर्थ है भारत को अपनी आवश्यकताओं के लिए आत्मनिर्भर बनाना, ताकि वह आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर न रहे। इसका उद्देश्य स्वदेशी उत्पादन को बढ़ावा देना, स्थानीय उद्योगों को मजबूत करना और आयात निर्भरता को कम करना है।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री अमित श्रीवास्तव ने किया।
इस अवसर पर पीयूष गुप्ता, मनोरमा मौर्य, रामसूरत मौर्य, ओमप्रकाश सिंह, आमोद सिंह, राधे रमन जायसवाल, अनिल गुप्ता, कृष्ण कुमार जायसवाल, अमर जौहरी, विमल भोजवाल, घनश्याम यादव, जितेंद्र मिश्र, सुरेंद्र मिश्र, कमलेश निषाद, सुजीत सिंह, सारिका सोनी, अजय यादव, सुनील सेठ, अनिल सेठ, मुन्ना अग्रहरि, एड. सतीश पांडेय, एड. अवधेश सिंह, एड. राकेश जायसवाल आदि उपस्थित रहे।










