
जौनपुर : सराय पड़री गांव में शुक्रवार की रात एक 27 वर्षीय युवक की सिर कूचकर हत्या कर दी गई। सुबह युवक का शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया और सनसनी फैल गई। यह खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना मिलते ही सुजानगंज थानाध्यक्ष फूल चंद्र पांडे मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी होते ही क्षेत्राधिकारी बदलापुर गोल्डी गुप्ता, महराजगंज थानाध्यक्ष अमित कुमार पाण्डेय, बदलापुर थानाध्यक्ष शेष कुमार शुक्ला समेत कई थानों की फोर्स भी मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि सराय पड़री गांव निवासी मनोज कुमार यादव पुत्र स्व. भगेलु राम यादव अपने घर से करीब 500 मीटर दूर पाही पर दोस्तों के साथ शुक्रवार की रात पार्टी कर रहा था। भोजन के लिए उसकी भाभी प्रियंका ने 14 वर्षीय भतीजे प्रदीप को चावल और रोटी देकर भेजा था, जबकि मुर्गा वहीं पाही पर बनाया जा रहा था। देर रात तक मनोज घर नहीं लौटा। अगले दिन सुबह जब भतीजा प्रदीप पाही पर गया तो छत पर मनोज का शव पड़ा मिला। यह देखकर वह घबरा गया और तुरंत परिवार को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि मनोज की हत्या की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। पुलिस शव को कब्जे में लेना चाह रही थी, लेकिन ग्रामीण तत्काल घटना का खुलासा और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। काफी समझाने-बुझाने के बाद क्षेत्राधिकारी गोल्डी गुप्ता के आश्वासन पर ग्रामीण माने और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के लिए राजी हुए।
परिजनों ने बताया कि मनोज चार भाइयों में सबसे छोटा था। माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। एक साल पहले सड़क हादसे में दो बड़े भाई राकेश और अशोक की मौत हो चुकी थी। तीसरा भाई संतोष दिल्ली में नौकरी करता है। ऐसे में मनोज ट्रैक्टर चलाकर भाइयों के बच्चों की परवरिश करता था और परिवार चला रहा था।
मृतक की भाभी प्रियंका ने बताया कि मनोज शराब नहीं पीता था, लेकिन उसके दोस्तों ने जबरन उसे शराब पिलाई और फिर ईंट-पत्थरों से कुचलकर हत्या कर दी। प्रियंका ने यह भी बताया कि कुछ माह पूर्व गांव के ही कुछ लोगों से विवाद के चलते मनोज पर एससी/एसटी एक्ट का मुकदमा दर्ज हुआ था। ऐसे में रंजिश या प्रेम प्रसंग की वजह से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की जानकारी मिलते ही एसओजी प्रभारी के.के. सिंह और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस को घटनास्थल से पत्तल और बर्तन बिखरे हुए मिले।
इस संदर्भ में क्षेत्राधिकारी गोल्डी गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार थानों की फोर्स लगाई गई है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: कन्नौज: पति से विवाद के बाद पत्नी ने फांसी लगाई, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
झांसी: मोंठ में बुजुर्ग महिला पर गाय ने किया हमला, हालत नाज़ुक