जनेश्वर मिश्र जयंती : अखिलेश यादव का सवाल… भाजपा सरकार बताए जब वो सरकार में आए तब देश का क्षेत्रफल कितना था और अब कितना है

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री जनेश्वर मिश्र की 93वीं जयंती पर भाजपा सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने सरकार से सवाल पूछा कि वो बताएं कि जब 2014 में उनकी सरकार में आयी थी तब देश का क्षेत्रफल कितना था और अब देश का क्षेत्रफल कितना है? भाजपा सरकार जब ये जवाब दे, तब तिरंगा लेकर घूमे।


उन्होंने कहा कि जनेश्वर मिश्र पार्क में समाजवादी सरकार ने सबसे बड़ा तिरंगा झंडा लहराया था। यहां पर पीएसी, पुलिस के बैण्ड समय-समय पर परेड करते थे। तिरंगा के दुश्मन लोगों ने परेड बंद करवा दी। बता दें समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री जनेश्वर मिश्र की 93वीं जयंती राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के सभी जनपदों एवं अन्य प्रदेशों में भी मनाई गई। मुख्य कार्यक्रम आज गोमती नगर स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क में हुआ जहां समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। जनेश्वर मिश्र ट्रस्ट स्थित उनकी प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर नमन किया गया।


इस अवसर पर अखिलेश यादव ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि जनेश्वर मिश्र ने जीवनपर्यंत समाजवादी आंदोलन को मजबूत किया। डॉ. राम मनोहर लोहिया, छोटे लोहिया जनेश्वर मिश्र और नेताजी ने जो समाजवादी रास्ता दिखाया था, उसी से देश और समाज में खुशहाली आयेगी समाजवादी सिद्धांतों और कार्यक्रमों से हर वर्ग को सम्मान मिलेगा। हमारे नेताओं ने हम समाजवादियों को जो विचारधारा दी है, हम सबकी जिम्मेदारी है, उसे और आगे लेकर जाएं। समाजवादी सिद्धांतों पर चलकर देश मजबूत होगा। देश की सीमाएं मजबूत होगी। आज हम जनेश्वर मिश्र जी के जन्मदिन पर उनके संघर्षों को याद कर रहे हैं। हम सभी संकल्प लेते हैं कि समाजवादी रास्ते पर चलकर जनता की सेवा करेंगे।


जनेश्वर मिश्र की जयंती पर उनके परिवार के सदस्यों मीना तिवारी, विश्वभूषण, चंद्रशेखर तिवारी, तारकेश्वर मिश्र सहित राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी, सांसद सनातन पाण्डेय, पूर्व नेता विरोधी दल विधानसभा रामगोविन्द चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, पूर्व मंत्री अम्बिका चौधरी, विधायक रविदास मेहरोत्रा, प्रदेश कोषाध्यक्ष राजकुमार मिश्रा, पूर्व सांसद अरविन्द कुमार सिंह, पूर्वमंत्री राम आसरे विश्वकर्मा, पूर्व विधायक सुनील सिंह साजन, उदयवीर सिंह, डॉ. राजपाल कश्यप, रामबृक्ष सिंह यादव, राजेश यादव, होशियार सिंह, अम्बरीष पुष्कर सहित जयसिंह जयंत जिलाध्यक्ष, फाकिर सिद्दीकी, महानगर अध्यक्ष, प्रो. बी. पाण्डेय, राष्ट्रीय अध्यक्ष शिक्षक सभा, यामीन खान आदि समेत भारी संख्या में समाजवादी मौजूद थे।

ये भी पढ़ें: पी.बी. बालाजी होंगे JLR के नए CEO, पहली बार किसी भारतीय को मिली कमान

दिल्ली : प्राइवेट स्कूलों की मनमानी पर लगाम? स्कूल शिक्षा शुल्क निर्धारण बिल 2025 विधानसभा में पेश

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें