
Jalaun : मुख्यालय उरई स्थित जिला सत्र न्यायालय परिसर में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब मेंटिनेंस के मुकदमे की तारीख पर आई एक महिला ने ब्लेड से अपना हाथ काट लिया। बताया गया कि महिला पति से चल रहे भरण-पोषण मामले की सुनवाई में देरी को लेकर काफी नाराज़ थी। इसी तनाव में उसने यह कदम उठाया।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला ने ब्लेड को माचिस की डिब्बी में छिपाकर न्यायालय लेकर आई थी। जैसे ही उसने हाथ पर वार किया, वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस कर्मियों ने तुरंत महिला को संभाला और आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उसका उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ सिटी अर्चना सिंह मौके पर पहुँचीं और महिला के बयान दर्ज किए। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। न्यायालय परिसर में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।










