
Jalaun : जालौन ग्राम पंचायत अलाईपुरा, मौजा कासिमाबाद के पास ट्यूबवेल नंबर-5 के समीप अमर सिंह दोहरे पुत्र गोपीचरण दोहरे के खेत में एक नीलगाय मृत अवस्था में पड़ी मिली। सुबह ग्रामीणों ने खेत में शव देखा तो गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर वन विभाग और पुलिस मौके पर पहुंची।
मामले की जानकारी मिलते ही उप क्षेत्रीय वनाधिकारी मुबारक अली, वन रक्षक पुनीत कुमार, तालिब व पवन यादव मौके पर पहुंचे। साथ ही चौकी छिरिया सलेमपुर से कांस्टेबल अंशुल राय व अनिल कुमार भी मौजूद रहे। वन विभाग की टीम द्वारा मृत नीलगाय का पोस्टमार्टम मौके पर ही कराया गया। इसके बाद शव को निस्तारण के लिए नेनापुर ले जाया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि सुबह करीब सात से आठ बजे के बीच उन्होंने दो अज्ञात जानवर देखे थे, जो कुत्ते से बड़े थे। ग्रामीणों के अनुसार उन जानवरों का रंग काला था और शरीर पर लाल रंग के धब्बे दिखाई दे रहे थे। इसके अलावा घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर किसी जानवर की पूंछ मिलने की भी चर्चा है।
एक ओर जिले में पहले से ही तेंदुए की दहशत बनी हुई है, वहीं खेत में नीलगाय का शव मिलने से गांव के लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों को आशंका है कि नीलगाय की मौत किसी हिंसक जानवर के हमले से हुई हो सकती है। फिलहाल वन विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।
यह भी पढ़े : ‘सर! मैं आपकी बेटी जैसी हूं, प्लीज छोड़ दीजिए…’ अकेला पाकर शिक्षक छात्रा से करता रहा रेप










