
Jalaun : उप परिवहन आयुक्त झांसी परिक्षेत्र, झांसी के डी0 सिंह गौर के सख्त निर्देशों के बाद 02 दिसंबर 2025 की रात्रि से लंबी दूरी की स्लीपर बसों में अनुमन्य क्षमता से अधिक सवारियाँ ढोने वाली बसों के विरुद्ध व्यापक प्रवर्तन अभियान शुरू किया गया।
उप परिवहन आयुक्त ने अवगत कराया कि झांसी परिक्षेत्र के जनपदों में उनके भ्रमण और पर्यवेक्षण के दौरान उन्हें लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि झांसी, उरई, बांदा, हमीरपुर और महोबा जनपदों से बड़ी संख्या में स्लीपर बसें कोटा, सूरत, अहमदाबाद और दिल्ली जाती हैं, जिनमें सीट क्षमता से दोगुनी सवारियाँ ले जाई जा रही हैं।
उप परिवहन आयुक्त ने इस फीडबैक के आधार पर पूरे झांसी परिक्षेत्र के पाँच जनपदों में बसों की ओवरलोडिंग के खिलाफ व्यापक और सघन प्रवर्तन अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसके फलस्वरूप बीती रात्रि झांसी, उरई, बांदा, महोबा और अन्य जनपदों में कुल 22 बसों का चालान किया गया।
उप परिवहन आयुक्त डी0 सिंह गौर ने यह भी निर्देश जारी किए हैं कि यह अभियान औचक रूप से चलेगा और इसका पर्यवेक्षण वे स्वयं सड़क पर उतरकर करेंगे।












