
जालौन : जालौन भारतीय संविधान के प्रति सम्मान, जागरूकता और संवैधानिक मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संविधान दिवस का भव्य आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने दीप प्रज्वलन और भारत के संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित सभी संविधान निर्माताओं के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। जिलाधिकारी ने अधिकारीगण व कर्मचारीगण के साथ मिलकर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक रूप से वाचन किया। जिलाधिकारी ने कहा कि संविधान न केवल देश की सर्वोच्च विधिक संरचना है, बल्कि यह भारत की संप्रभुता, एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों का आधार भी है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के अमृत काल में हमें संविधान में निहित कर्तव्यों और अधिकारों को संतुलित रूप से समझते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस केवल एक औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह नागरिकों के लिए आत्मचिंतन का अवसर है, क्या हम अपने दायित्वों का पालन कर रहे हैं।उन्होंने युवाओं को विशेष रूप से संदेश दिया कि वे डिजिटल प्रगति, शिक्षा और नवाचार के साथ-साथ अपने संवैधानिक दायित्वों के प्रति भी सजग रहें, क्योंकि भारत का भविष्य युवा शक्ति के हाथों में है।
उन्होंने कहा कि संविधान दिवस हमें उस गौरवशाली संघर्ष की याद दिलाता है, जिसके परिणामस्वरूप हमें एक सर्वाधिक प्रगतिशील, समावेशी और लोकतांत्रिक संविधान प्राप्त हुआ। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे समाज में शांति, सद्भाव और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने अधिकारों का उपयोग और कर्तव्यों का पालन करें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संजय कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक योगेंद्र सिंह, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे प्रेमचंद मौर्य आदि अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।










