जालौन : अंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त, बीएसपी और भीम आर्मी कार्यकर्ता का फूटा आक्रोश

जालौन। जनपद जालौन के कुठौंद थाना क्षेत्र के ग्राम हाजीपुर में बुधवार रात अराजक तत्वों ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर दी। घटना को देर रात अज्ञात अराजक तत्वों ने अंजाम दिया, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।

अंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने पर फैला आक्रोश

सुबह जब ग्रामीणों ने अंबेडकर प्रतिमा को क्षतिग्रस्त अवस्था में देखा तो गांव में गहरा आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग अंबेडकर पार्क में इकट्ठा हो गए। घटना को लेकर लोगों में गुस्सा साफ झलक रहा था। इसी बीच, भीम आर्मी और बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और नारेबाजी कर प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।

प्रशासन ने संभाली स्थिति

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। माधौगढ़ एसडीएम मनोज कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी शैलेन्द्र बाजपेई, थाना प्रभारी अजय ब्रह्मा तिवारी भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और आरोपियों को जल्द पकड़ने का आश्वासन दिया।

भीम आर्मी व बीएसपी कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई की मांग

भीम आर्मी के कार्यकर्ता विपिन कुमार ने कहा कि यह घटना एक साजिश का हिस्सा है और इसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

बीएसपी के जिला अध्यक्ष बृजेश जाटव ने भी घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह बाबा साहब का अपमान है और इसे कतई सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि अपराधियों को जल्द नहीं पकड़ा गया तो बीएसपी कार्यकर्ता मुख्यमंत्री तक अपनी आवाज पहुंचाने के लिए ज्ञापन सौंपेंगे।

पुलिस ने जांच शुरू की, आरोपियों की तलाश जारी

सीओ जालौन शैलेन्द्र बाजपेई ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और माहौल शांत कराया। गांव के लोगों और समिति के सदस्यों ने शिकायत दर्ज की। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।

बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने की घटना से क्षेत्र में गहरी नाराजगी है। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में कर लिया है, लेकिन स्थानीय लोग और सामाजिक संगठन दोषियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का दावा कर रही है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें