
जयपुर। जिले के बस्सी थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में रविवार सवेरे दो छात्राओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 8:45 बजे बस्सी ओवरब्रिज के पास हुआ, जब एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। मृतक छात्राएं राष्ट्रीय पात्रता व प्रवेश परीक्षा (नीट) देने जा रही थीं।
बस्सी थाने के एएसआई तोताराम ने बताया कि बस्सी के दीपुरा गांव निवासी प्रिया (22) और खुशी (21) रविवार सुबह नीट परीक्षा देने के लिए घर से निकली थीं। रास्ते में उन्हें दौसा जिले के रानियां वास निवासी अशोक कुमार बैरवा बाइक पर मिला, जो मजदूरी के लिए निकला था। दोनों छात्राओं ने अशोक से बस्सी तक लिफ्ट ली।
बस्सी ओवरब्रिज के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। डंपर उस समय खाली था और बस्सी चक से तूंगा की ओर जा रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही बस्सी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और डंपर को हटवाया। तीनों शवों को एंबुलेंस से बस्सी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की माेर्चरी में भेजा गया। मृतकों की पहचान उनके मोबाइल फोन और दस्तावेजों के आधार पर की गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही दोनों छात्राओं के परिवारजन अस्पताल पहुंचे तो माहौल गमगीन हो गया।
पुलिस को अशोक के बैग से हथौड़ी और खुरपी मिली, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह किसी निर्माण कार्य के लिए मजदूरी पर जा रहा था। वह बस्सी में अपने रिश्तेदारों के पास किराए के कमरे में रह रहा था।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है।