Isro Pslv C62 Mission: आसमान में आज एक और ‘आंख’ भेजेगा भारत, अमेरिका-यूरोप सब पीछे, सीधे ड्रैगन से मुकाबला

Isro Pslv C62 Mission : भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) आज अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचने जा रहा है। इसरो श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से PSLV-C62 रॉकेट के जरिए EOS-N1 और आयुलसैट का प्रक्षेपण करेगा। अगर यह मिशन सफल रहता है, तो भारत सैटेलाइट रिफ्यूलिंग तकनीक में चीन के बाद दुनिया का दूसरा देश बन जाएगा।

यह लॉन्च आज सुबह 10 बजकर 17 मिनट पर किया जाएगा। PSLV-C62, पीएसएलवी की 64वीं उड़ान होगी और इसके साथ ही भारत अपने 2026 के अंतरिक्ष कैलेंडर की शानदार शुरुआत करेगा।

EOS-N1 और 14 अन्य उपग्रह होंगे लॉन्च

इस मिशन का मुख्य पेलोड पृथ्वी अवलोकन उपग्रह EOS-N1 है, जिसे थाईलैंड और ब्रिटेन की संयुक्त तकनीक से विकसित किया गया है। इसके अलावा न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड (NSIL) के माध्यम से देशी और विदेशी ग्राहकों के 14 अन्य उपग्रह भी अंतरिक्ष में भेजे जाएंगे। लॉन्च के करीब 17 मिनट बाद सभी उपग्रहों को सूर्य समकालिक कक्षा (Sun Synchronous Orbit) में स्थापित कर दिया जाएगा। पूरा मिशन दो घंटे से अधिक समय तक चलेगा।

उलटी गिनती शुरू, तैयारियां अंतिम चरण में

यह मिशन चंद्रयान-1, मंगल ऑर्बिटर मिशन (MOM) और आदित्य-L1 जैसी सफल उड़ानों के बाद इसरो की विश्वसनीयता को और मजबूत करेगा।

आयुलसैट से होगा ऐतिहासिक प्रयोग

इस मिशन की सबसे बड़ी खासियत है बेंगलुरु की स्टार्टअप ऑर्बिटएड द्वारा विकसित 25 किलोग्राम वजनी आयुलसैट। यह उपग्रह लॉन्च के करीब चार घंटे के भीतर अंतरिक्ष में पहली बार आंतरिक रिफ्यूलिंग (Internal Refuelling) का प्रदर्शन करेगा। आयुलसैट माइक्रोग्रैविटी में तरल ईंधन के व्यवहार का अध्ययन करेगा। हालांकि यह पूर्ण ऑन-ऑर्बिट रिफ्यूलिंग नहीं है, लेकिन भविष्य में दो अलग-अलग स्पेसक्राफ्ट के बीच फ्यूल ट्रांसफर की दिशा में यह एक बड़ा और निर्णायक कदम माना जा रहा है।

चीन के बाद भारत दूसरे स्थान पर

चीन ने पिछले साल इस तकनीक का सीमित परीक्षण किया था, जबकि अमेरिका और यूरोप की कई बड़ी स्पेस एजेंसियां और निजी कंपनियां अभी तक इसे अंतरिक्ष में सफलतापूर्वक प्रदर्शित नहीं कर पाई हैं। ऐसे में इसरो और ऑर्बिटएड का यह प्रयास भारत को सैटेलाइट सर्विसिंग और रिफ्यूलिंग के क्षेत्र में वैश्विक मंच पर दूसरे स्थान पर खड़ा कर देगा।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें