ईरान के अराक रिएक्टर पर इजराइली हमला, 639 ईरानियों की मौत

ईरान और इजराइल के बीच युद्ध लगातार तेज़ होता जा रहा है। अब यह संघर्ष अपने सातवें दिन में प्रवेश कर चुका है। ताजा घटनाक्रम में इजराइल ने ईरान के अराक शहर स्थित हैवी वॉटर रिएक्टर पर हमला कर दिया है। यह रिएक्टर ईरान के परमाणु कार्यक्रम का एक अहम हिस्सा माना जाता है। फिलहाल इस हमले से हुए नुकसान की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

अराक और खोंडब पर चेतावनी के बाद कार्रवाई
इजराइली डिफेंस फोर्स (IDF) ने कुछ घंटे पहले ही अराक और खोंडब शहर के नागरिकों को इलाके खाली करने की चेतावनी दी थी। इसके बाद अराक रिएक्टर को निशाना बनाया गया। खोंडब में भी IR-40 नामक एक अन्य हैवी वॉटर रिएक्टर मौजूद है, जो अराक से लगभग 40 किलोमीटर दूर है। दोनों सुविधाएं ईरान के परमाणु कार्यक्रम की रीढ़ मानी जाती हैं और अंतरराष्ट्रीय निगरानी के दायरे में आती हैं।

ईरान में 639 मौतें, इजराइल में 24 की जान गई
मानवाधिकार संगठन की रिपोर्ट के अनुसार अब तक ईरान में 639 लोग मारे जा चुके हैं और 1329 घायल हैं। वहीं इजराइल ने 24 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है।

तेल अवीव के पास रमत गन पर मिसाइल हमला
गुरुवार सुबह ईरान ने इजराइल की राजधानी तेल अवीव के निकट रमत गन शहर पर मिसाइल हमला किया, जिसमें 20 लोग घायल हुए। इसके अलावा ईरान ने सेंट्रल इजराइल में स्थित स्टॉक एक्सचेंज बिल्डिंग को भी निशाना बनाया, जिससे इमारत को भारी नुकसान हुआ है।

विदेशी नागरिकों की वापसी की तैयारी में कई देश
इस युद्ध की गंभीरता को देखते हुए जापान, चीन और इंडोनेशिया ने अपने नागरिकों को ईरान और इजराइल से निकालने की योजना बनाई है। जापान के रक्षा मंत्री जनरल नकातानी ने बताया कि दो C-2 सैन्य परिवहन विमान और 120 सैनिकों को जिबूती भेजा जा रहा है ताकि वहां से जापानी नागरिकों को सुरक्षित निकाला जा सके।

ईरान में करीब 280 और इजराइल में लगभग 1,000 जापानी नागरिक मौजूद हैं। चीन ने भी शुक्रवार से अपने नागरिकों को बसों के जरिए ताबा बॉर्डर से बाहर निकालने की योजना बनाई है। इंडोनेशिया ने भी दोनों देशों में मौजूद अपने 580 से अधिक नागरिकों को जल्द निकालने का निर्णय लिया है।

ईरानी मीडिया पर इजराइली साइबर हमला
बुधवार देर रात इजराइली हैकर्स ने ईरान की सरकारी प्रसारण सेवा IRIB टीवी समेत कई प्रमुख न्यूज चैनलों को हैक कर लिया। हैकिंग के दौरान 2022 में हुए विरोध प्रदर्शनों के वीडियो चलाए गए, जिनमें महिलाओं को बाल काटते हुए देखा गया। साथ ही ईरानी जनता से सरकार के खिलाफ विद्रोह की अपील भी की गई।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें