
- समाजवादी सबका सम्मान करते हैं भाजपा की तरह नफरत नहीं फैलाते
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री गिद्ध कहकर महाकुम्भ में अपनों की खोज कर रहे खोये हुए लोगों और मृतकों के परिवारों को अपमानित कर रहे हैं। महाकुम्भ में बड़ी संख्या में अब भी लोग अपनों को खोज रहे है कही भाई-भाई को ढूढ रहा है तो कहीं बेटा पिता को, बेटी मां को ढूढ रही है। काफी लोग अभी तक नहीं मिले है। क्या अपनों को ढूंढने वालों को मुख्यमंत्री गिद्ध बोल रहे हैं। यह संवैधानिक पद पर बैठे एक मुख्यमंत्री की संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि सदन में गिद्ध कहे जाने से प्रयागराज महाकुम्भ की भगदड़ के पीड़ित और दुखी परिवारों को अपमानित किया जा रहा। प्रयागराज महाकुम्भ में जो भगदड़ हुई और व्यवस्था खराब हुई उसके लिए खुद मुख्यमंत्री जी जिम्मेदार हैं। वह किस बात की निगरानी और निरीक्षण करते रहे जो इतनी बड़ी घटना हो गयी। अखिलेश यादव ने कहा कि महाकुम्भ में हुई भगदड़ मुख्यमंत्री जी और भाजपा सरकार की नाकामी है। जिन लोगों की जान गयी मुख्यमंत्री जी उनकी सूची नहीं दे पाये।
सरकार डरी हुई है इसी लिए अभी तक मृतकों का सही आंकड़ा और खोए लोगों की सूची नही दे पा रही है।मंगलवार को कन्नौज दौरे पर मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की लखनऊ और दिल्ली की सरकार आपस में लड़ रही है। लखनऊ और दिल्ली वाले एक दूसरे को गाली दे रहे हैं। लखनऊ वाले दिल्ली वालों को गाली दे रहे हैं। संगम में गंगा के पानी की गुणवत्ता को लेकर केन्द्रीय और राज्य एजेन्सियां आपस में टकरा रही हैं। राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड कह रहा है कि पानी साफ हैं वही केन्द्रीय प्रदूषण की रिपोर्ट है कि गंगा का पानी नहाने लायक नहीं है। उसकी गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाये है। साथ ही गन्दगी को लेकर एनजीटी ने सवाल उठाया है। गंगा के पानी को लेकर हम लोगों ने नहीं खुद केन्द्र सरकार और उसकी एजेन्सियां सवाल उठा रही है। महाकुम्भ में साफ सफाई और श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध जल उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी राज्य और केन्द्र सरकार की थी। दोनों सरकारे फेल हो गयी है। महाकुम्भ में इन्होंने श्रद्धालुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ किया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री की भाषा अलोकतांत्रिक है वह समाजवादियों पर अनर्गल टिप्पणी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री को समाजवाद, समाजवादियों और लोकतंत्र के बारे में कुछ नहीं पता है। समाजवादी सबको साथ लेकर चलते हैं। सबका सम्मान करते हैं। भाजपा की तरह नफरत नहीं फैलाते हैं। प्रदेश की जनता सब देख रही है कि भाजपा ने मंहगाई और भ्रष्टाचार फैलाकर सब कुछ बर्बाद कर दिया है। भाईचारा को नुकसान पहुंचाया है।
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार किसानों और गरीबों की सरकार नहीं है। भाजपा सरकार के नौ बजट में अभी तक किसानों, नौजवानों, गरीबों के लिए कुछ नहीं है। भाजपा सरकार किसानों को समय पर खाद, बीज और कीटनाशक दवाए नहीं दे पाती है। इस सरकार में हर विभाग और हर जगह भारी भ्रष्टाचार और लूट है। बड़े पैमाने पर बेरोजगारी है। सरकार ने नौजवानों को नौकरी, रोजगार नहीं दिया। युवाओं का भविष्य खराब कर दिया। अगर नौजवानों का भविष्य नहीं है तो प्रदेश का भारी नुकसान होगा। भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री विधान सभा में झूठ बोल रहे है। किसानो और गॉव को बिजली नहीं मिल रही है। जो कुछ बिजली मिलती है वह बहुत मंहगी है।
अखिलेश यादव ने कहा कि इस सरकार ने जीएसटी लगाकर हर सामान को मंहगा कर दिया और मंहगाई बढ़ा दी। किसानों के सभी सामानों, कृषि यन्त्रों पर भी जीएसटी लगाकर मंहगा कर दिया। खेती का लागत मूल्य बढ़ गया लेकिन किसानों की आय नहीं बढ़ी। सरकार की मुनाफाखोरी के कारण मंहगाई चरम पर है।