
इंदौर : बुधवार को हुरुनी इंडिया रिच लिस्ट में मध्यप्रदेश के सबसे अमीरों की नई रैंकिंग जारी हुई। इस बार भी इंदौर के कोल कारोबारी विनोद अग्रवाल पहले नंबर पर बने हैं। पिछले साल 2024 में वे 394वें स्थान पर थे, उनकी संपत्ति 7100 करोड़ रुपए थी। एक साल में उनकी संपत्ति में 2400 करोड़ रुपए का इजाफा हुआ है, यानी प्रतिदिन औसतन 6.57 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी हुई।
इस सूची में ईडी के छापे में आए पाथ ग्रुप की संपत्ति में गिरावट दर्ज की गई। पाथ ग्रुप के नितिन अग्रवाल की संपत्ति घटकर 1230 करोड़ रुपए हो गई है और उनकी रैंक 1522वीं हो गई है, जबकि बीते साल यह 1378वीं थी।
उजास एनर्जी के श्याम मूंदड़ा की संपत्ति भी कम हुई है। वे 2024 में 3500 करोड़ रुपए के साथ 709वें स्थान पर थे, जबकि इस बार उनकी संपत्ति 3410 करोड़ रुपए है और रैंक 767वीं हो गई है।
शक्ति पंप के दिनेश पाटीदार की संपत्ति घटकर 1440 करोड़ रुपए हो गई है और उनकी रैंक 1399वीं रही। वहीं उनकी कंपनी के सुनील पाटीदार इस बार 2050 करोड़ रुपए के साथ 1094वीं रैंक पर हैं, जो पिछले साल 1200 करोड़ और 1445वें स्थान पर थे।
आनंद ज्वेलर्स के गौरव आनंद की संपत्ति बढ़कर 1220 करोड़ रुपए हो गई है और उनकी रैंक 1525वीं रही, जबकि पिछले साल यह 1000 करोड़ और 1534वीं थी।
अन्य कारोबारियों में राजरतन के सुनील चौरड़िया की संपत्ति 1330 करोड़ रुपए और रैंक 1470वीं, जीआर इन्फ्रा के विनोद अग्रवाल की संपत्ति 1820 करोड़ रुपए और रैंक 1206वीं, तथा जयदीप इस्पात के विमल तोड़ी की संपत्ति 1270 करोड़ रुपए के साथ 1507वीं रैंक पर रही।
इस सूची से यह स्पष्ट है कि कुछ व्यवसायियों की संपत्ति में वृद्धि हुई है, जबकि कुछ के लिए आर्थिक परिस्थितियों और घटनाओं के कारण गिरावट दर्ज की गई है।