
इंदौर : एक शादी समारोह में मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि दुल्हन ने मंडप पर ही शादी करने से इनकार कर दिया, और बारात खाली हाथ लौट गई। मामला एमजी रोड स्थित कोष्ठी समाज धर्मशाला का है, जहां दुल्हे गौरव माठे और दुल्हन की शादी होनी थी। दोनों के बीच दो साल से प्रेम संबंध थे और परिवारों की सहमति से विवाह तय हुआ था।
कार्यक्रम के दौरान स्टेज पर दुल्हन के पास खड़ा एक फोटोग्राफर पानी पीने लगा, जिस पर दुल्हे गौरव ने उसे डांट दिया। फोटोग्राफर के माफी मांगने के बावजूद गौरव ने उसे थप्पड़ मार दिया। यह देखकर दुल्हन और उसके पिता ने दुल्हे को शांत करने की कोशिश की, लेकिन वह दुल्हन पर ही नाराज़ हो गया और हल्के गहने देने को लेकर ताने कसने लगा।
स्थिति तब बिगड़ी जब दुल्हे ने दुल्हन के सोने के झूमके छीन लिए। यह व्यवहार दुल्हन को इतना नागवार गुजरा कि उसने वहीं शादी तोड़ने का फैसला ले लिया।
दुल्हन के पिता, जो एक निजी अस्पताल में केयरटेकर हैं, ने बताया कि उन्होंने बेटी की शादी में कर्ज लेकर सभी इंतजाम किए थे। मगर दुल्हे के व्यवहार से साफ हो गया कि बेटी उसके साथ खुश नहीं रह सकती, इसलिए रिश्ता तोड़ना ही बेहतर समझा।
घटना के बाद दुल्हन के पिता की शिकायत पर पुलिस ने दुल्हे गौरव और उसकी मां तरुणा के खिलाफ दहेज मांगने और मारपीट का मामला दर्ज किया है। पुलिस को शादी के दौरान हुए विवाद का वीडियो फुटेज भी सौंपा गया है।















