
सोनीपत : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत की वास्तविक शक्ति उसकी आध्यात्मिक, सांस्कृतिक, सामाजिक और नैतिक परंपराओं में निहित है। संतों और सिद्ध योगियों का सान्निध्य समाज को सत्य, सेवा और समरसता के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
योगी आदित्यनाथ हरियाणा के सोनीपत जिले के मुरथल स्थित बाबा नागे धाम में सिद्ध बाबा बुद्धनाथ महाराज सहित अन्य सिद्ध योगियों की मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सनातन परंपरा, तपस्या, साधना और सेवा की उस अविरल धारा का जीवंत प्रतीक है, जिसने सदियों से समाज को दिशा दी है।
मुख्यमंत्री ने बाबा नागे धाम को सनातन परंपरा की तपोभूमि बताते हुए कहा कि यहां साधना के साथ-साथ समाज के उत्थान का कार्य भी निरंतर होता रहा है। ऐसे आयोजन सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं, संस्कारों को सुदृढ़ करते हैं और राष्ट्रीय चेतना को जागृत करते हैं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने यह स्पष्ट कर दिया है कि आस्था, संस्कृति और विकास एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि पूरक हैं। आज जब दुनिया के कई हिस्सों में अस्थिरता और संघर्ष का माहौल है, तब भारत शांति, समरसता और विकास के पथ पर मजबूती से आगे बढ़ रहा है। प्रयागराज में महाकुंभ और माघ मेले के दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं का शांतिपूर्ण स्नान हमारी सांस्कृतिक शक्ति और सामाजिक अनुशासन का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि बीते एक हजार वर्षों में भारत ने अनेक चुनौतियों का सामना किया, लेकिन आने वाला एक हजार वर्ष भारत का है। विकसित भारत का अर्थ केवल आर्थिक प्रगति नहीं, बल्कि आध्यात्मिक, सांस्कृतिक, सामाजिक और नैतिक रूप से सशक्त राष्ट्र का निर्माण है।
कार्यक्रम में सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विरासत ही हमारी असली ताकत है। इसी शक्ति के बल पर भारत विश्व को शांति और सद्भाव का मार्ग दिखा रहा है। उन्होंने बताया कि हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं, जिससे श्रद्धालु अपने आराध्य से सहज रूप से जुड़ सकें।
डॉ. अरविंद शर्मा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत करते हुए कहा कि नाथ संप्रदाय में उनका स्थान विशिष्ट है। उनकी उपस्थिति में आयोजित यह समारोह सनातन आस्था, साधना और सांस्कृतिक चेतना के लिए गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने कहा कि ऐसे आध्यात्मिक आयोजन समाज को जोड़ते हैं और सेवा व समरसता के सूत्र में बांधकर भेदभाव की दीवारों को स्वतः समाप्त कर देते हैं।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बडौली, मस्तनाथ डेरे के महंत बाबा बालक नाथ, विधायक निखिल मदान, विधायक कृष्ण गहलोत और मेयर राजीव जैन सहित अनेक गणमान्य लोग विशेष रूप से उपस्थित रहे।















