
मुंबई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने रविवार को मुंबई में कहा कि नगर निकाय चुनाव में भाजपा को विकास, सेवा और सुशासन के लिए मतदाताओं ने स्पष्ट जनादेश दिया है। इस चुनाव में भाजप के १२९ नगराध्यक्ष चुने गए हैं। रविंद्र चव्हाण ने चुने हुए नगराध्यक्षों और पार्षदों को शुभकामना दी है, साथ ही मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित विजयोत्सव समारोह को संबोधित करते हुए कहा, “मैं भाजपा पर अटूट विश्वास और भरोसा दिखाने के लिए जनता का आभारी हूं।” इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य श्रीकांत भारतीय, मुख्यालय प्रभारी रविंद्र अनासपुरे, प्रदेश मीडिया विभाग प्रमुख नवनाथ बान, कार्यालय सचिव मुकुंद कुलकर्णी, संयुक्त सचिव भरत राउत, प्रदेश प्रवक्ता ओमप्रकाश चौहान आदि उपस्थित थे।
रविंद्र चव्हाण ने कहा कि आज का दिन अत्यंत हर्षोल्लास का है। यह विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार की नीतियों और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के विकासोन्मुखी कार्यों में जनता द्वारा व्यक्त किए गए विश्वास के कारण संभव हुई है। यह चुनाव राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन, गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष, संयुक्त संगठन महासचिव शिवप्रकाश, राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े और अरुण सिंह के मार्गदर्शन में लड़ा गया और सभी पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूरी शक्ति के साथ इसका समर्थन किया। इस विजय का पूरा श्रेय मंत्रियों, पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, बूथ कार्यकर्ताओं और निश्चित रूप से मतदाताओं को जाता है।










