हाॅकी हीरो एशिया कप में भारतीय टीम ने कजाकिस्तान को 15-0 से हराया, पूल ए में शीर्ष स्थान पर बनायी जगह

नालंदा, बिहार : राजगीर में चल रहे हीरो एशिया कप हॉकी 2025 का रोमांच अब और भी बढ़ गया है। टूर्नामेंट के चौथे दिन आज मंगलवार को भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने कजाकिस्तान को करारी शिकस्त दी। इस दौरान तीन भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हैट्रिक लगाई है।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने हीरो एशिया कप के अपने अंतिम पूल ए मैच में गोलों की बरसात कर दी। भारतीय टीम ने कजाकिस्तान को 15-0 से हरा दिया। इस दौरान भारत के तीन खिलाड़ियों ने हैट्रिक जमाई।

राजगीर हॉकी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत की ओर से अभिषेक 5, 8, 20, 59, सुखजीत सिंह 15, 32, 38 और जगराज सिंह 24, 31, 47 ने हैट्रिक पूरी की। वहीं कप्तान हरमनप्रीत सिंह 26, अमित रोहिदास 29, संजय 54, दिलप्रीत सिंह 55 और राजिंदर सिंह 32 भी गोल करने में सफल रहे। भारत पहले ही सुपर-4 चरण के लिए क्वालीफाई कर चुका था और तीनों मैच जीतकर पूल ए में शीर्ष स्थान पर रहा।

भारत की शुरुआत आक्रामक रही। कजाकिस्तान ने शुरुआती दबाव झेलने की कोशिश की, लेकिन 5वें मिनट में अभिषेक ने सर्कल के बाहर से जोरदार हिट लगाकर भारत को बढ़त दिला दी। 8वें मिनट में अभिषेक ने दूसरा गोल दागा। पहले क्वार्टर के अंत में कप्तान हरमनप्रीत का पेनल्टी कॉर्नर रोका गया, लेकिन तुरंत बाद अभिषेक ने सुखजीत 15 को असिस्ट किया और भारत 3-0 से आगे हो गया।

बात दूसरे क्वार्टर की करें, तो भारत का दबदबा दूसरे क्वार्टर में भी जारी रहा। 20वें मिनट में अभिषेक ने शानदार कौशल दिखाते हुए अपनी हैट्रिक पूरी की। कजाकिस्तान को पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन भारतीय डिफेंस ने उसे विफल किया और खेल के 24वें मिनट में जगराज ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला, फिर 26वें मिनट में कप्तान हरमनप्रीत ने भी स्कोर किया। 29वें मिनट में अमित रोहिदास ने गोल दागा।

भारत हाफ टाइम तक 7-0 से आगे था। तीसरे क्वार्टर की शुरुआत भारत के लिए पेनल्टी स्ट्रोक से हुई, जिसे जगराज 31 ने गोल में बदल दिया।अगले ही पल मंदीप की शानदार रन ने राजिंदर सिंह 32 को गोल करने का मौका दिया। इसके बाद सुखजीत 32 ने स्कोर 10-0 कर दिया। 38वें मिनट में सुखजीत ने अपनी हैट्रिक पूरी की।

तीसरे क्वार्टर तक भारत 11-0 से आगे रहा।

चौथे क्वार्टर में जगराज 47 ने एक और पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल किया। अंतिम मिनटों में संजय 54, दिलप्रीत 55 और अभिषेक 59 ने भी गोल दागे और भारत ने 15-0 से शानदार जीत दर्ज की।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें