
झाँसी। साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में झाँसी साइबर क्राइम थाना ने एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल की। थाना साइबर क्राइम/साइबर सेल झाँसी की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी में गुम हुई 87,000 रुपये की धनराशि बरामद कर पीड़ित के खाते में वापस जमा कराई।
- पीड़ित ने पुलिस को दिया धन्यवाद पत्र
जनपद झाँसी के क्लब विहार, कैंट निवासी मो. कलीम सिद्दीकी साइबर ठगी के शिकार हो गए थे। उनके खाते से 87,000 रुपये की अवैध निकासी हो गई थी। पीड़ित ने तत्काल साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 और ऑनलाइन पोर्टल (www.cybercrime.gov.in) पर शिकायत दर्ज कराई। साइबर सेल की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी गई राशि को बरामद कर लिया और उसे पीड़ित के खाते में वापस कर दिया।
मो. कलीम सिद्दीकी ने झाँसी पुलिस की सराहनीय कार्यप्रणाली के लिए धन्यवाद पत्र सौंपा और उनकी तत्परता की प्रशंसा की।
- साइबर अपराध से बचाव हेतु जागरूकता अभियान
साइबर सेल झाँसी न केवल अपराधियों पर कार्रवाई कर रही है बल्कि लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक भी कर रही है। टीम विभिन्न माध्यमों से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी प्रदान कर रही है ताकि वे किसी भी ऑनलाइन धोखाधड़ी से बच सकें।
- साइबर अपराध की शिकायत कैसे करें?
यदि आप किसी साइबर अपराध का शिकार होते हैं, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।
- सफलता प्राप्त करने वाली टीम:
इस सफलता में प्रभारी निरीक्षक थाना साइबर क्राइम झाँसी व उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।झाँसी पुलिस की इस तत्परता से साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने की दिशा में एक सकारात्मक संदेश गया है और पीड़ितों को न्याय मिलने की उम्मीद बढ़ी है।