
Sansad Khel Mahotsav 2025 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को वर्चुअल माध्यम से आयोजित ‘सांसद खेल महोत्सव’ को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने देश के खिलाड़ियों और युवाओं में जोश भरते हुए खेलों में बढ़ते अवसरों पर जोर दिया और सीधे संवाद के माध्यम से उनका हौसला बढ़ाया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कहा कि आज खेलों में अवसर सीमित नहीं हैं, बल्कि असीमित हैं। उन्होंने बताया कि देश में एक ऐसा माहौल बन गया है जहां गरीब से गरीब परिवार का बच्चा भी कम उम्र में ऊंचाइयों को छू सकता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों के जोश, जज्बे और उत्साह को भारत की ताकत बताया।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान हरियाणा के बॉक्सर नीरज सिंह के साथ एक मजेदार बातचीत का जिक्र किया। जब नीरज ने पूछा, ‘सर जी, राम-राम और कैसे हो?’, तो पीएम मुस्कुराते हुए बोले, ‘मैं तेरे जैसा ही हूं।’ यह संवाद ‘सांसद खेल महोत्सव’ के मंच पर हुआ, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इस सरल और अपनेपन वाले जवाब ने दर्शकों का दिल जीत लिया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के युवा आत्मविश्वास से भरे हैं। यही आत्मविश्वास आज भारत के स्टार्टअप्स, स्पेस, साइंस और स्पोर्ट्स जैसे हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि इस आत्मविश्वास का ही परिणाम है कि आज भारत के युवा नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान, पीएम मोदी ने कई खिलाड़ियों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत भी की। उन्होंने कहा कि भारत का युवा अपने सपनों को साकार करने के लिए संकल्पित है और खेलों में भी सफलता के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह संबोधन युवाओं और खिलाड़ियों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार कर गया है। उन्होंने खेलों के माध्यम से देश के युवा शक्ति का संदेश दिया और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
यह भी पढ़े : राजस्थान में इंटरनेट सेवाएं बंद : चौमूं में मस्जिद विवाद पर भड़की हिंसा, पुलिस पर पथराव; 6 जवान घायल















