
शिमला। क्रिसमस से पहले हिमाचल प्रदेश में सैलानियों की भीड़ बढ़ गई है। सप्ताह के दूसरे शनिवार की छुट्टी का फायदा उठाते हुए बड़ी संख्या में पर्यटक शिमला, मनाली, धर्मशाला और डलहौजी जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पहुंचे। राजधानी शिमला, कुफरी और नारकंडा में सैलानियों की चहल-पहल बढ़ गई है, जहां लोग प्राकृतिक खूबसूरती को अपने कैमरों में कैद कर रहे हैं। हालांकि, कुफरी और नारकंडा में बर्फबारी न होने से कुछ पर्यटक मायूस भी हुए।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों जैसे बारालाचा, शिंकुला और रोहतांग दर्रे में बर्फबारी ने सैलानियों को उत्साहित कर दिया। वीकेंड पर मनाली और रोहतांग पास में पर्यटकों की संख्या बढ़ी है। रोजाना लगभग 100 से अधिक वाहनों में 600 से 700 पर्यटक रोहतांग पहुंच रहे हैं। लाहौल घाटी का कोकसर भी पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।
हिमाचल प्रदेश होटल एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र चंद ठाकुर ने बताया कि विंटर टूरिस्ट सीजन शानदार शुरुआत कर चुका है और इस वीकेंड पर्यटन स्थलों पर भारी भीड़ जुटी। ट्रैवल एजेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नवीन पॉल ने कहा कि आने वाले दिनों में बर्फबारी के साथ पर्यटन कारोबार में और तेजी आएगी। वहीं, कमर्शियल व्हीकल ज्वाइंट एक्शन कमेटी के चेयरमैन राजेंद्र ठाकुर ने बताया कि वीकेंड में सैलानियों की संख्या बढ़नी शुरू हो गई है और आने वाले दिनों में पर्यटन कारोबार और रफ्तार पकड़ने वाला है।















