
शिमला/कुल्लू। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में विंटर टूरिस्ट सीजन और व्हाइट क्रिसमस की उम्मीद के चलते सैलानियों की संख्या बढ़ने लगी है। कालका से शिमला आने वाली ट्रेनों में 10 जनवरी तक एडवांस बुकिंग चल रही है, जबकि कई यात्री वेटिंग में टिकट का इंतजार कर रहे हैं। वीकेंड पर अप और डाउन ट्रेनों में भी सभी कोच भर चुके हैं। इस वीकेंड शिमला में सैलानियों की संख्या में खासा इजाफा देखा गया।
सैलानी बर्फबारी की उम्मीद में भी बड़ी संख्या में शिमला पहुंचे हैं। रिज मैदान और माल रोड पर सैलानियों की भीड़ देखने को मिली। विंटर कार्निवल की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। टाउन हॉल, गेयटी थियेटर और क्राइस्ट चर्च को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। शनिवार को बादल छाए रहने से ठंडी हवाएं चलती रहीं, जिससे सैलानियों को बर्फबारी की उम्मीद बनी रही। इस समय दिल्ली, चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा, अंबाला और विदेशों से भी पर्यटक शिमला पहुंचे हैं।
शिमला-कालका एक्सप्रेस 52454 और 52458 में 10 जनवरी तक वेटिंग चल रही है। वीकेंड पर शहर के होटलों में 45 से 50 प्रतिशत कमरे एडवांस बुक हो चुके हैं। अधिकतर सैलानी क्रिसमस और बर्फबारी का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में शिमला पहुंच रहे हैं। शुक्रवार शाम से ही सैलानियों का आगमन शुरू हो गया था। वर्तमान में कालका-शिमला हेरिटेज ट्रैक पर चलती छुक-छुक ट्रेन सबसे ज्यादा पसंद की जा रही है। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने बताया कि विंटर कार्निवल, क्रिसमस और न्यू ईयर के जश्न के लिए एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है।
पर्यटक रोहतांग दर्रा में व्हाइट क्रिसमस का आनंद भी ले सकेंगे। रोहतांग दर्रा की वादियों में 28 दिसंबर तक बर्फबारी का आनंद लिया जा सकेगा। जिला प्रशासन ने मनाली से रोहतांग दर्रा तक फोर बाई फोर वाहनों की आवाजाही की समय अवधि दस दिन बढ़ा दी है। उपायुक्त कुल्लू तोरूल एस रवीश ने आदेश जारी किए हैं कि गुलाबा से रोहतांग तक वाहनों की आवाजाही सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक ही मान्य होगी, और सभी वाहन मढ़ी चेक पोस्ट से दोपहर 3:00 बजे से पहले वापसी सुनिश्चित करेंगे। पर्यटन कारोबारी गौतम ठाकुर, गजेंद्र ठाकुर और अनूप राम का कहना है कि फोर बाई फोर वाहनों के लिए रोहतांग दर्रा खुला रहने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
ये भी पढ़े – बांग्लादेश में अशांति : क्या मो. यूनुस ने करवाई उस्मान हादी की हत्या ?















