
Himachal Weather : हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। किन्नौर और लाहौल-स्पीति में बर्फबारी के चलते शीतलहर तेज हो गई है। धौलाधार और चंबा की चोटियां भी बर्फ से ढक गई हैं। किन्नौर के ऊपरी क्षेत्रों में मोटी बर्फ जमी हुई है, जबकि भारत-तिब्बत सीमा से सटे प्रसिद्ध पर्यटन स्थल छितकुल गांव में ढाई से तीन इंच तक बर्फबारी दर्ज की गई है। बर्फ से ढकी घाटी अब चांदी की तरह चमक उठी है। यह सीजन की दूसरी बर्फबारी है।
बर्फबारी के बाद रिकांगपिओ और रामपुर में ठंड बढ़ गई है, जबकि शिमला में फिलहाल धूप खिली हुई है। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में बुधवार सुबह से रुक-रुककर बर्फबारी जारी है। मनाली-लेह, कोकसर-रोहतांग और ग्रांफू-लोसर मार्ग बर्फबारी के कारण बंद हो गए हैं, हालांकि मनाली से अटल टनल और कोकसर तक यातायात बहाल है। रोहतांग और कुंजम दर्रे में 15-15 सेंटीमीटर, जबकि कोकसर में 10 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई है।
सैलानियों ने भी हल्की बर्फबारी का जमकर आनंद लिया। मौसम विभाग शिमला के अनुसार, 6 से 11 नवंबर तक राज्य में मौसम साफ रहने की संभावना है। अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आने के आसार हैं।
पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक बारिश कोठी में 7.0 मिलीमीटर, सांगला में 6.2, ब्राह्मणी में 4.2 और कल्पा में 3.6 मिलीमीटर दर्ज की गई। ताजा बारिश-बर्फबारी से पारा लगातार नीचे गिर रहा है, जिससे रातें और ठंडी हो गई हैं।
न्यूनतम तापमान:
- केलांग: -0.4°C
- कुकुमसेरी: -1.8°C
- ताबो: -2.2°C
- शिमला: 8.4°C
- मनाली: 6.9°C
अधिकतम तापमान:
- ऊना: 31.2°C
- हमीरपुर: 29.8°C
- शिमला: 20.4°C
- मनाली: 19.2°C
- धर्मशाला: 24.0°C
हिमाचल के ऊंचाई वाले इलाकों में यह बर्फबारी सर्दियों की दस्तक का संकेत दे रही है, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों में उत्साह के साथ-साथ ठिठुरन भी बढ़ गई है।










