
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के निरमंड विकास खंड की ब्रौ पंचायत में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। 65 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक देश लाल गौतम अपने घर की छत पर पक्षियों को दाना डालने गए थे। इसी दौरान बंदरों का झुंड अचानक वहां आ पहुंचा। बंदरों के हमले से बचते हुए उनका संतुलन बिगड़ गया और वे चार मंजिला मकान की छत से नीचे गिर पड़े।
गंभीर रूप से घायल गौतम को परिजन और स्थानीय लोग तुरंत खनेरी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। मामले की पुष्टि डीएसपी आनी चंद्रशेखर कायथ ने की है।
बंदरों का बढ़ता आतंक
रामपुर, ब्रौ और जगातखाना पंचायत में बंदरों की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। स्थानीय लोग कई वर्षों से इनके आतंक से परेशान हैं। नगर परिषद रामपुर द्वारा वन विभाग को बंदरों को पकड़ने के लिए धनराशि दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। खुले में कचरा फेंके जाने से भी बंदरों की संख्या और आक्रामकता बढ़ रही है।
स्थानीय लोग प्रशासन, पंचायत और वन विभाग की लापरवाही पर नाराज़गी जता रहे हैं और लगातार इस समस्या से जूझने को मजबूर हैं।