
शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून ने तबाही मचाई हुई है। मौसम विभाग के अलर्ट के बीच प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश लगातार कहर बरपा रही है। बुधवार सुबह तक प्रदेश में 7 नेशनल हाईवे सहित 1162 सड़कें बंद रहीं। 2477 बिजली ट्रांसफार्मर और 720 जलापूर्ति योजनाएं ठप हो गई हैं, जिससे खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है।
सुंदरनगर में भीषण भूस्खलन, 6 की मौत
मंडी जिले के सुंदरनगर के जंगमबाग में मंगलवार शाम अचानक भूस्खलन हो गया, जिसमें दो मकान मलबे में दब गए। हादसे में अब तक छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
- मंगलवार को 3 शव बरामद हुए थे,
- बुधवार को एनडीआरएफ की टीम ने मलबे में दबे 3 और शव निकाले,
जिनमें से एक व्यक्ति स्कूटी समेत मलबे में दब गया था। उसकी पहचान प्रकाश शर्मा के रूप में हुई। दो अन्य शव सुरेंद्र कौर और गुरप्रीत सिंह के हैं। एक और व्यक्ति की तलाश अभी जारी है।
मंडी में घरों पर कहर, 15 मकान क्षतिग्रस्त
जोगिंद्रनगर उपमंडल की नेर घरवासड़ा पंचायत में भूस्खलन से 15 मकान क्षतिग्रस्त हो गए।
- कई परिवारों को रातों-रात सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया।
- कुंडूनी गांव को भी खाली कराया गया है क्योंकि जमीन लगातार धंस रही है।
कुल्लू में मकान पर मलबा गिरा, दो दबे
कुल्लू के अखाड़ा बाजार में मंगलवार रात 11:45 बजे भारी भूस्खलन से एक मकान मलबे में दब गया।
- इसमें एक कश्मीरी मजदूर और एनडीआरएफ का जवान दब गए।
- रेस्क्यू अभियान जारी है।
किन्नौर में पत्थर गिरने से सड़कें अवरुद्ध
किन्नौर के सुंगरा और वांगतू में पहाड़ी से भारी पत्थर गिरने से सड़कें बंद हो गईं।
- कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं,
- हालांकि जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ।
मनाली-कुल्लू वामतट मार्ग बहाल
मनाली के अलेउ के पास पेड़ गिरने से बंद हुआ मनाली-कुल्लू वामतट मार्ग प्रशासन ने बुधवार को बहाल कर दिया।
- मनालसु नदी में फंसे टेंपो ट्रैवलर को भी जेसीबी की मदद से निकाला गया।
सुन्नी में सतलुज का जलस्तर बढ़ा, क्षेत्र जलमग्न
शिमला जिले के सुन्नी क्षेत्र में सतलुज नदी का जलस्तर थली पुल तक पहुंच गया है।
- कालीघाट और आईटीआई जैसे तटीय इलाके पानी में डूब गए हैं।
- दो परिवारों को एहतियातन सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
शिक्षण संस्थानों में छुट्टियां
भारी बारिश को देखते हुए शिमला, सोलन, सिरमौर, कांगड़ा, बिलासपुर और कुल्लू जिलों में आज स्कूल-कॉलेज बंद रखे गए हैं।
- मंडी जिले के 9 उपमंडलों और
- ऊना के बंगाणा क्षेत्र में भी शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है।
9 सितंबर तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना
मौसम विभाग शिमला ने 9 सितंबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की चेतावनी दी है।
- आज कई जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
- बीती रात नयना देवी में सबसे अधिक 136.0 मिमी बारिश दर्ज की गई।
अब तक मानसून में 341 मौतें, भारी आर्थिक नुकसान
20 जून से 2 सितंबर तक के आंकड़ों के मुताबिक:
- 341 लोगों की जान गई है
- 389 लोग घायल, 41 लापता
- 159 लोगों की मौत सड़क हादसों में
- 4983 मकान-दुकान क्षतिग्रस्त
- 4008 गोशालाएं ढही
- 1912 मवेशियों की मौत
- ₹3,52,541.58 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हो चुका है।