Himachal : नई दिल्ली में पीएम मोदी से मिले राज्यपाल, टीबी-मुक्त हिमाचल और स्वास्थ्य योजनाओं पर की चर्चा

शिमला। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने शुक्रवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर राज्यपाल ने हिमाचल प्रदेश में चल रहे नशामुक्त अभियान और प्रदेश हित से जुड़े अन्य मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। राज्यपाल ने प्रधानमंत्री को बताया कि राजभवन के नेतृत्व में संचालित नशामुक्त हिमाचल अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने के लिए शैक्षणिक संस्थानों, पुलिस प्रशासन, स्वयंसेवी संगठनों, स्थानीय निकायों और समुदायों को व्यापक रूप से शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि युवाओं और आम नागरिकों की बढ़ती भागीदारी इस अभियान की सफलता का प्रमुख आधार है।

राज्यपाल ने प्रधानमंत्री को टीबी-मुक्त हिमाचल अभियान की उपलब्धियों और विभिन्न जिलों में किए जा रहे जागरूकता कार्यक्रमों, स्क्रीनिंग गतिविधियों तथा स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के प्रयासों की जानकारी भी दी।

बैठक के दौरान, राज्यपाल ने हिमाचल प्रदेश से जुड़े विभिन्न विकासात्मक और जनकल्याण संबंधी विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की। इसमें प्रदेश की आधारभूत संरचना, कल्याणकारी योजनाएं और जनसरोकार से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल थे। राज्यपाल ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा निरंतर मिल रहा सहयोग हिमाचल के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभा रहा है।

राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के साथ संवाद अत्यंत सार्थक रहा और कई महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उन्होंने प्रधानमंत्री का समय देने और हिमाचल प्रदेश के प्रति निरंतर संवेदनशीलता एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें