
Himachal HRTC Bus Accident : मंडी जिले के सरकाघाट क्षेत्र में एक बस खाई में गिरने से 20 से 25 लोग घायल हो गए हैं। डीएसपी सरकारघाट मौके पर पहुंच चुके हैं। यह दुर्घटना मसरेन के त्रांगला गांव के पास हुई है।
हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर गंभीर सड़क दुर्घटना हुई है। मंडी जिले के सरकाघाट में एक एचआरटीसी बस खाई में जा गिरी है, जिसमें 20 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा काफी गंभीर है।
डीएसपी संजीव गौतम ने मौके का निरीक्षण किया है और बताया कि हादसे में करीब 20 से 25 यात्री सवार थे। अब तक 17 घायलों को सरकाघाट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, इस दुर्घटना में एक 16 वर्षीय युवक की मौत हो चुकी है, जबकि दो महिलाओं की हालत गंभीर बनी हुई है। डीएसपी सरकाघाट ने एक मौत की पुष्टि की है। बस जमनी से सरकाघाट की तरफ जा रही थी।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा मंडी जिले के सरकाघाट के मसरेन क्षेत्र के पास हुआ है। लगभग 9:50 बजे, मसरेन से करीब तीन किलोमीटर पहले तारंगला गांव के पास बस किसी मोड़ पर खाई में गिर गई। तारंगला की एक महिला मधू ने सोशल मीडिया पर लिखा कि आज सुबह हमारे घर के पास ही एक बस खाई में गिर गई है, लेकिन उन्होंने हादसे में कितने लोग घायल हुए हैं, इसकी जानकारी नहीं दी।
प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, बस सरकाघाट-जमनी दुर्गापुर मार्ग पर जा रही थी और मसेरन के पास तारंगणा में हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें देखा जा सकता है कि बस लगभग 150 मीटर नीचे गिर कर खेतों में फंस गई है। घायलों को तुरंत सरकाघाट के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया है। मौके पर एसडीएम स्वाति डोगरा, तहसीलदार और स्थानीय विधायक दिलीप ठाकुर भी अस्पताल पहुंचे हैं।
मौके पर पहुंची भीड़ ने राहत कार्य शुरू किया और घायलों को निकालने में मदद की। साथ ही, एंबुलेंस को भी सूचित किया गया। इस दुर्घटना पर पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दुख व्यक्त किया और कहा कि मंडी जिले के सरकाघाट में यह हादसा अत्यंत दुखद है। उन्होंने ईश्वर से सभी घायलों की जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की है और प्रशासन से घायलों के उचित इलाज का आग्रह किया है।
यह भी पढ़े : राजनीति से दूरी बनाने के सवाल पर स्मृति ईरानी बोली- ‘2019 में राहुल गांधी को हराया था… अब ताने सुनने को मिलेंगे’