
सोलन। हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के भाई राम कुमार बिंदल को सोलन पुलिस ने बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। मामला 25 वर्षीय युवती की शिकायत पर दर्ज किया गया, जिसमें उसने आरोप लगाया कि इलाज के बहाने आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
इलाज के बहाने बुलाया, फिर किया दुष्कर्म
पीड़िता ने बताया कि उसकी तबीयत कुछ समय से खराब चल रही थी। वह 7 अक्टूबर को सोलन बस अड्डे के पास वैद्य राम कुमार के पास उपचार के लिए गई थी। वहां आरोपी ने नाड़ी जांच के नाम पर उसका हाथ पकड़कर यौन समस्याओं के बारे में पूछना शुरू कर दिया। इसके बाद उसने कहा कि जांच के लिए प्राइवेट पार्ट को भी देखना पड़ेगा, जिस पर युवती ने मना कर दिया।
आरोप है कि राम कुमार ने जबरन जांच के बहाने उसके साथ गलत काम किया। पीड़िता किसी तरह वहां से भागी और सीधे महिला थाना सोलन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने किया गिरफ्तार, जांच जारी
शिकायत के बाद पुलिस ने शुक्रवार सुबह राम कुमार बिंदल (75) को पूछताछ के लिए बुलाया और बाद में गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पीड़िता के बयान दर्ज किए जा चुके हैं।
कांग्रेस ने साधा बीजेपी पर निशाना
घटना सामने आने के बाद कांग्रेस ने बीजेपी पर मोर्चा खोल दिया है और आरोपी की गिरफ्तारी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। वहीं, भाजपा की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और मामले में न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।










