हिमाचल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में फिर बर्फबारी : पहाड़ों की चोटियां बर्फ की चादर से ढकीं

शिमला : हिमाचल प्रदेश के जनजातीय और ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में बीती रात एक बार फिर हल्की बर्फबारी हुई। इससे पहाड़ों की चोटियां सफेद चादर से ढंंक गईं। वहीं, निचले इलाकों में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिले। कहीं कोहरा छाया है, कहीं बादल मंडरा रहे हैं और कहीं खिली धूप ने ठंड के बीच हल्की राहत दी।

राजधानी शिमला में गुरुवार सुबह हल्के बादल छाए रहे, जबकि मंडी जिला के सुंदरनगर और बिलासपुर में घना कोहरा छाया रहा। इससे दृश्यता कुछ समय के लिए कम हो गई और वाहन चालकों को भी धीमी गति से चलना पड़ा। वहीं कांगड़ा, सोलन और हमीरपुर जिलों में सुबह के समय हल्की ठंडक के साथ मौसम साफ रहा।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के उच्च पर्वतीय इलाकों लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चंबा जिलों के कुछ भागों में आज भी हल्की बर्फबारी की संभावना है। हालांकि विभाग ने अगले छह दिन यानी 29 अक्तूबर तक पूरे राज्य में मौसम के सामान्य तौर पर साफ रहने का अनुमान जताया है। इसके बाद अक्टूबर के अंत में पश्चिमी विक्षोभ के दोबारा सक्रिय होने की संभावना है। इससे एक बार फिर बारिश और बर्फबारी का दौर लौट सकता है।

राज्य में इस सीजन की अब तक दो बार बर्फबारी हो चुकी है। पहली बर्फबारी अक्टूबर के पहले हफ्ते में हुई थी, जबकि दूसरी बर्फबारी दिवाली के बाद दर्ज की गई। दोनों बार हुई बर्फबारी ने न केवल ऊंचे इलाकों में ठंड बढ़ा दी, बल्कि निचले क्षेत्रों में भी तापमान में गिरावट ला दी थी।

मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार गुरुवार को राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है। सबसे ठंडा स्थान लाहौल-स्पीति जिला का कुकुमसेरी रहा, जहां न्यूनतम तापमान 0.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी जिला के ताबो में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री, जबकि किन्नौर के कल्पा में 5.2 और रिकांगपिओ में 8.6 डिग्री रहा। पर्यटन स्थल मनाली में तापमान 7.2 डिग्री, नारकंडा में 8.1, कुफ़री में 9.8 और राजधानी शिमला में 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं धर्मशाला में तापमान 11.8, पालमपुर में 12, सोलन में 12.2, जुब्बड़हट्टी में 14.2, कांगड़ा में 15.2, हमीरपुर में 16, बिलासपुर में 17.1 और पांवटा साहिब में 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने बताया कि फिलहाल किसी बड़े पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता नहीं है, इसलिए आगामी दिनों में मौसम साफ रहेगा और दिन में धूप खिलने की संभावना है। हालांकि सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ेगी और पर्वतीय क्षेत्रों में रात का तापमान और नीचे जा सकता है।

ये भी पढ़े – Today Gold Rate : सर्राफा बाजार में गिरावट जारी, सोना और चांदी की घटी कीमत

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें