
देहरादून। उत्तराखंड में केदारनाथ धाम में हेलीकॉप्टर हादसा हो गया है। लैंडिंग के समय पीछे का हिस्सा टूटकर लटक गया। हेलीकॉप्टर में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताये गए हैं। यह घटना इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान हुई। हेलीकॉप्टर क्रैश होने का पता चलते ही पुलिस और प्रशासन में अफरातफरी मच गई। गढ़वाल प्रशासन के अनुसार एम्स ऋषिकेश की हेली एंबुलेंस सेवा का हेलीकॉप्टर केदारनाथ में दुर्घटनाग्रस्त हुआ है।
हेलीकॉप्टर का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। हेलीकॉप्टर में सवार सभी 3 यात्री एक डॉक्टर, एक कैप्टन और एक मेडिकल स्टाफ मेंबर सुरक्षित हैं। हादसे की जांच चल रही है, जल्दी ही हादसा होने के कारण पता चल जाएंगे।

हेलीकॉप्टर केदारनाथ हेलीपैड पर लैंडिंग कर रहा था कि अचानक हेलीकॉप्टर की टेल टूट गई। हेलीकॉप्टर की नीचे गिरता देखकर यात्रियों में चीख पुकार मच गई। आस-पास खड़े लोगों में अफरा तफरी मच गई, लेकिन पायलट ने सूझ-बूझ दिखाते हुए हेलीकॉप्टर को लैंड कराया। यात्रियों को नीचे उतारा और फिर खुद उतरा। हेलीकॉप्टर एम्स ऋषिकेश की हेली एंबुलेंस सर्विस का था। इसमें सवार तीनों चिकित्सक केदारनाथ धाम में किसी मरीज को लेने जा रहे थे। मरीज को केदारनाथ धाम से एम्स ऋषिकेश में शिफ्ट करना था। लैंडिंग से ठीक पहले हेलीकॉप्टर में तकनीकी खामी आ गई तो पायलट ने इमरजेंसी लैंडिंग कराने का फैसला लिया, लेकिन लैंडिंग करते समय हादसा हो गया। गत 8 मई को भी उत्तराखंड में एक हेलीकॉप्टर क्रैश हुआ था।
उत्तरकाशी जिले के गंगनानी में हुए हादसे में 6 लोगों की जान गई थी। पुलिस अधीक्षक सरिता डोबाल ने हेलीकॉप्टर क्रैश होने की पुष्टि की थी। हादसे में मारे गए लोग मुंबई और आंध्र प्रदेश के थे। पायलट समेत 7 लोग हेलीकॉप्टर में गंगोत्री धाम जा रहे थे। मुंबई के 4 और आंध्र प्रदेश के 2 यात्री थे।
हादसे में मारी गईं 6 सवारियों में 5 महिलाएं थीं। 5 लोगों की जान मौके पर चली गई थी। पायलट रॉबिन सिंह ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ा था। हेलीकॉप्टर ने देहरादून से उड़ान भरी थी और खरसाली में लैंड होना था, लेकिन गंगनानी में नाग मंदिर के पास क्रैश हो गया। उस हादसे के 9 दिन बाद दूसरा हेलीकॉप्टर क्रैश आज केदारनाथ धाम में हुआ।
यह भी पढ़े : बरेली : पहले रिश्वतखोरी फिर महिला कर्मियों से चैट, ‘गुड मॉर्निंग’ से शुरू होकर ‘लव यू’ तक पहुंची बात