
शिमला : हिमाचल प्रदेश में भारी बरसात से हुए व्यापक नुकसान और जन-धन की हानि को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने राहत और सेवा कार्यों के सुचारू संचालन हेतु प्रदेश स्तर पर चार टीमों का गठन किया है। यह जानकारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने शनिवार को एक अधिसूचना जारी कर दी।
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गत दो सप्ताह से लगातार भारी वर्षा के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इस आपदा की घड़ी में भाजपा पहले ही दिन से प्रभावित क्षेत्रों में राहत और सेवा कार्यों को अपने हाथ में लेकर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि अब इन कार्यों को और अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए अलग-अलग जिलों हेतु चार विशेष टीमों का गठन किया गया है।
पहली टीम राहत कार्य नियंत्रण कक्ष और नुकसान की जानकारी के आदान-प्रदान के लिए बनाई गई है। इसमें प्रदेश सचिव संजय ठाकुर को प्रभारी और सह कार्यालय सचिव प्रेम ठाकुर को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है।
दूसरी टीम जिला चम्बा में हुए नुकसान एवं राहत कार्यों की देखरेख करेगी। इसके प्रभारी सांसद एवं प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. राजीव भारद्वाज होंगे, जबकि सह प्रभारी की जिम्मेदारी प्रदेश सचिव अमित ठाकुर को सौंपी गई है।
तीसरी टीम जिला कुल्लू में राहत कार्यों के संचालन के लिए बनाई गई है। इसके प्रभारी प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य होंगे और सह प्रभारी की जिम्मेदारी प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा निभाएंगे।
चौथी टीम शेष जिलों में राहत और सेवा कार्यों का संचालन करेगी। इसमें पूर्व विधायक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश ठाकुर को प्रभारी, जबकि प्रदेश प्रवक्ता विनय शर्मा और सह मीडिया संयोजक संजीव शर्मा को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने स्पष्ट किया कि सभी टीमों के कार्यों की निगरानी और देखरेख वे स्वयं करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आपदा प्रभावित क्षेत्रों में जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं और हर संभव मदद पहुँचाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।