
हिसार : सावन के महीने में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। बीते पांच-छह दिनों से उमस झेल रहे लोगों को बुधवार को हुई झमाझम बारिश से बड़ी राहत मिली। हरियाणा के कई जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम खुशनुमा हो गया और तापमान में भी गिरावट आई।
उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण चक्रवातीय परिसंचरण (सर्कुलेशन) बन रहा है। इसका असर मानसून ट्रफ पर पड़ा है, जो अब हरियाणा के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों तक पहुंच गया है। इसी के चलते बुधवार को राज्य के कई इलाकों में अच्छी बारिश देखने को मिली।
मौसम विभाग के अनुसार, आगामी तीन से चार दिनों तक प्रदेश में मानसून की सक्रियता बनी रहेगी। 31 जुलाई को पश्चिमी, दक्षिणी और मध्य हरियाणा में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है। वहीं, 1 से 3 अगस्त के बीच उत्तर-पूर्वी जिलों में भी मानसून की सक्रियता के चलते बारिश हो सकती है, जबकि शेष हरियाणा में हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं।
बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि अधिकतम तापमान 29 से 34 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। अंबाला में 24 घंटों में तापमान में 6.7 डिग्री और पंचकूला में 5.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।
ये भी पढ़े – Global Market : ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले संकेत, एशियाई बाजारों पर दबाव