प्रधानमंत्री जन्मदिन से गांधी जयंती तक बस्ती में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ

Basti : शासन के निर्देश के क्रम में प्रधानमंत्री के जन्मदिन से गांधी जयंती 02 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” की विधिवत शुरुआत जिला महिला चिकित्सालय में हुई। सीएमएस डॉ. अनिल कुमार ने चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, काउंसलर्स और अन्य संबंधित कर्मियों के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से अपने कार्यकक्ष में एक अभिमुखीकरण बैठक आयोजित की।

डॉ. अनिल ने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत कोई नई या अतिरिक्त सेवा नहीं प्रदान की जाएगी, बल्कि जो सेवाएं प्रतिदिन दी जाती हैं, उन्हें भाव और प्रेरणा के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ नारी परिवार, समाज और अंततः राष्ट्र के सशक्तीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसलिए नारी स्वास्थ्य के दृष्टिगत सभी कर्मियों को पूरी तन्मयता और निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने का संकल्प लेना होगा।

उन्होंने मातृ एवं बाल स्वास्थ्य देखभाल की सेवाओं, जैसे प्रसव पूर्व देखभाल (एएनसी) जांच एवं परामर्श की सेवाओं को सुचारू रूप से संचालित करने का निर्देश दिया। बच्चों के लिए टीकाकरण सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। काउंसलर्स को निर्देशित किया गया कि किशोरियों और महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता और पोषण के संबंध में जागरूक किया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि मरीजों को यह भी परामर्श दिया जाए कि वे अपने दैनिक आहार में खाना पकाने के तेल का उपयोग 10 प्रतिशत कम करें और शर्करा के उपयोग में भी कमी लाएं।

इस मौके पर डॉ. सुधांशु द्विवेदी, वरिष्ठ परामर्शदाता; डॉ. सीमा चौधरी, गायनकोलॉजिस्ट; डॉ. संतोष मौर्य, गायनकोलॉजिस्ट; डॉ. ममता रानी, गायनकोलॉजिस्ट; डॉ. विमल द्विवेदी, सोनोलॉजिस्ट; डॉ. पी.एल. गुप्ता, पैथालजिस्ट और अन्य अधिकारी व कर्मचारी कार्यशाला में शामिल हुए।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें