
Hathras : कोतवाली जंक्शन क्षेत्र अंतर्गत सलेमपुर गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। गांव निवासी 26 वर्षीय युवक ने अपने पिता की लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली लगते ही युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान कौशल सिंह पुत्र प्रेम सिंह के रूप में हुई है। बताया गया है कि कौशल सिंह की शादी करीब आठ महीने पहले हुई थी। उनकी पत्नी बदायूं जनपद के उझानी क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग में पैरामेडिकल स्टाफ के रूप में कार्यरत हैं। मंगलवार सुबह कौशल सिंह अपनी पत्नी को उसके मायके छोड़ने के लिए रति का नगला रेलवे स्टेशन गए थे। वहां से लौटने के बाद उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
परिजनों के अनुसार कौशल सिंह अपने पिता के कोल्ड स्टोरेज और फार्म हाउस की देखरेख किया करते थे। घटना के समय वह घर पर ही मौजूद थे। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही कोतवाली जंक्शन पुलिस टीम और उच्च अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके की जांच-पड़ताल कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए हाथरस जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से लाइसेंसी बंदूक को भी कब्जे में ले लिया है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। आत्महत्या के पीछे के कारणों का अभी स्पष्ट रूप से पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।











