
हाथरस। सादाबाद क्षेत्र में अज्ञात वाहन बाइक सवारों को टक्कर मारते हुए भाग गया। दुर्घटना में एक ही परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक सवार परिवार भाई दूज करने के लिए जा रहा था।
बलदेव क्षेत्र निवासी गिरीश अपनी पत्नी पप्पू देवी और दो बेटियों के साथ भाई दूज मनाने ससुराल जा रहा था। तभी रास्ते में सादाबाद क्षेत्र के नौगांव के समीप तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और भाग गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पति-पत्नी व दोनों बेटियां घायल हो गईं।
दुर्घटना के बाद आसपास के क्षेत्र के ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। उन्हें तुरंत उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही सादाबाद पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई, जहां उन्होंने घायलों से दुर्घटना के बारे में जानकारी ली।