
Hathras : पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में जनपद में धुंध के मौसम को देखते हुए सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु विशेष यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र में यातायात पुलिस टीम द्वारा संचालित किया गया, जिसमें भारी वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाकर वाहन चालकों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली, एंबुलेंस, ट्रक, लोडर सहित अन्य भारी वाहनों पर लगी पुरानी, खराब एवं निष्क्रिय रिफ्लेक्टर टेप को हटाकर नई और मानक रिफ्लेक्टिव टेप लगाई गई। पुलिस अधीक्षक स्वयं मौके पर मौजूद रहे और अभियान का निरीक्षण किया। उन्होंने वाहन चालकों से संवाद कर रिफ्लेक्टर टेप की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि धुंध के मौसम में दृश्यता अत्यंत कम हो जाती है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। ऐसी स्थिति में रिफ्लेक्टर टेप वाहनों की पहचान को आसान बनाती है और रात या कम रोशनी में भी वाहन दूर से स्पष्ट दिखाई देने लगते हैं। इससे पीछे से आने वाले वाहनों को समय रहते संकेत मिल जाता है और दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।
उन्होंने यह भी बताया कि रिफ्लेक्टर टेप अंधेरे और घने कोहरे, दोनों परिस्थितियों में प्रभावी रूप से कार्य करती है और सड़क पर चलने वाले सभी लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इस दौरान वाहन चालकों से अपील की गई कि वे धुंध के समय अतिरिक्त सावधानी बरतें, वाहनों के बीच सुरक्षित दूरी बनाए रखें, धीमी गति से वाहन चलाएं, ओवरटेक करने से बचें तथा सभी यातायात नियमों का पालन करें। साथ ही यह भी कहा गया कि वाहन की हेडलाइट, इंडिकेटर, ब्रेक लाइट और रिफ्लेक्टर टेप की स्थिति सही होना सुरक्षित यात्रा के लिए अत्यंत आवश्यक है।
हाथरस पुलिस द्वारा चलाया गया यह जागरूकता अभियान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक सराहनीय और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।











