
Hathras : कोतवाली सासनी क्षेत्र के इगलास रोड स्थित मत्स्यपाल धन्नामल ऑयल मिल में एक दर्दनाक हादसा हो गया। मिल में काम कर रहे एक मजदूर की मशीन में फंसने से मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मजदूर काम के दौरान चक्की की चेन की चपेट में आ गया, जिससे वह मशीन के अंदर की ओर खिंचता चला गया और घटनास्थल पर ही उसकी दर्दनाक मृत्यु हो गई।
हादसे के बाद मजदूर का शव करीब सात घंटे तक मशीन में फंसा रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद कटर की सहायता से मशीन काटकर शव को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान गांव छोड़ा निवासी पंकज, पुत्र कांता प्रसाद, के रूप में हुई है, जो पहली बार ऑयल मिल में काम करने आया था। घटना के बाद परिजनों ने मिल के बाहर जमकर हंगामा किया। पुलिस ने समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया।











